लोकेशन -कबीरधाम दिनांक -24-05-2026 रिपोर्टिंग - पी.डी.मानिकपुरी - -
कबीरधाम जिले में गरीबों के हक पर डाका डालने वाले राशन माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई हुई है।
सरकारी उचित मूल्य दुकानों से पीडीएस का चावल खुले बाजार में बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए वाहन और मोबाइल जब्त किए हैं, वहीं समिति प्रबंधक, विक्रेता और व्यापारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी चल रही है।
कवर्धा में सरकारी राशन दुकानों से गरीबों के लिए आने वाले खाद्यान्न के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है।
जिला खाद्य अधिकारी चन्द्रशेखर देवांगन के निर्देश पर खाद्य विभाग लगातार उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण कर रहा था।
इसी दौरान 23 मई 2026 को उचित मूल्य दुकान सिलहाटी से 26 बोरी शासकीय चावल अवैध रूप से व्यापारी अब्दुल हनीफ खान, ग्राम भींभौरी को बेचे जाने का मामला पकड़ में आया।
जांच में सेवा सहकारी समिति सिलहाटी के प्रबंधक अर्जुन यादव और विक्रेता गिरीश सोनी की भूमिका संदिग्ध पाई गई है।
कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग ने एक वाहन और दो मोबाइल फोन जब्त कर सहसपुर लोहारा थाना की अभिरक्षा में रखवा दिया है।
बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन में ऑनलाइन पैसों के लेन-देन के सबूत भी मिले हैं, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज करने की तैयारी चल रही है।
सूत्रों की मानें तो जिले में कई उचित मूल्य दुकानों से गरीबों के हक का चावल और शक्कर खुले बाजार में बेचे जाने की शिकायत लंबे समय से मिल रही थी।
अब खाद्य विभाग की इस बड़ी कार्रवाई से राशन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
इस कार्रवाई में सहायक खाद्य अधिकारी दलेश्वर साहू, खाद्य निरीक्षक निधि वर्मा, अनामिका ठाकुर, खेम चंद्राकर और वीरेंद्र पोर्ते की टीम शामिल रही।
गरीबों के हक के राशन पर डाका डालने वालों पर अब प्रशासन सख्त नजर आ रहा है।
देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद जिले में चल रहे राशन के काले कारोबार पर कितनी रोक लग पाती है।
.jpeg)

0 Comments