Ticker

6/recent/ticker-posts

NATIONAL

 

VAT पर PM-CM में ठनी:मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बोले- देश को गुमराह कर रहे हैं प्रधानमंत्री,रसोई गैस पर VAT नहीं, फिर दाम क्यों बढ़े


पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान की छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आलोचना की है। उन्होंने गुरुवार को रायपुर में कहा, प्रधानमंत्री देश को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। केंद्र सरकार की वजह से कीमतें बढ़ी हैं। अगर VAT (वैल्यू एडेड टैक्स) की वजह से ऐसा है तो रसोई गैस की कीमतें क्यों बढ़ रही हैं? उस पर तो कोई VAT नहीं लगता।

छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रेस से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी कोरोना की बैठक ले रहे थे। अचानक ही वे पेट्रोल-डीजल की बात करने लगे। मुख्यमंत्री ने कहा, सेंट्रल गवर्नमेंट एक्साइज ड्यूटी लगाती है लेकिन अब इन्होंने सेस लगा दिया। इस सेस का पूरा पैसा सेंट्रल गवर्नमेंट को मिलता है, राज्य सरकारों को नहीं। राज्य सरकारों का हक मारा गया।

खुद सेस नहीं कम करते, राज्यों को नसीहत दे रहे

मुख्यमंत्री ने कहा, केंद्र सरकार को छत्तीसगढ़ को 30 हजार करोड़ की राशि देनी है। जहां तक VAT की बात है तो छत्तीसगढ़ में 24% VAT लगाया जा रहा है। बाकी राज्यों में 29 से 31% तक VATलगाया जा रहा है। उसमें भाजपा शासित राज्य भी हैं। कहा कि वे पहले भाजपा शासित राज्यों मे VAT कम करें। खुद सेस कम नहीं करते और राज्यों को नसीहत दे रहे हैं।

देश को बहका रहे हैं प्रधानमंत्री

CM ने कहा कि यह पर उपदेश कुशल बहुतेरे वाली स्थिति है। पेट्रोल-डीजल के दाम रोज केंद्र सरकार बढ़ा रही है। रसोई गैस में तो वैट नहीं लगता, फिर उसके दाम क्यों बढ़ाए जा रहे। खाने के तेल की कीमतें क्यों बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री देश के लोगों को बहकाने और झांसा देने की कोशिश कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments