Ticker

6/recent/ticker-posts

BALRAMPUR: पशु क्रूरता पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, कलेक्टर ने की बैठक।

 पशु क्रूरता पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, कलेक्टर ने की बैठक।                                                                 बलरामपुर कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कक्ष में पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पशु कल्याण, अवैध पशु परिवहन की रोकथाम, पशु जन्म नियंत्रण एवं टीकाकरण जैसे विषयों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि पशुओं के साथ क्रूरता और नियमों के उल्लंघन के मामलों में तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।




कलेक्टर ने जिले में संचालित अपंजीकृत पशु एवं मांस दुकानों का औचक निरीक्षण कर अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अवैध और क्रूरतापूर्ण ढंग से पशु परिवहन करने वाले पशुपालकों तथा वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई करने, ऐसे वाहनों को जब्त करने और मुक्त कराए गए पशुओं को निकटतम गौशाला या गौधाम में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।


पशु जन्म नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आवारा श्वानों की नसबंदी, रेबीज टीकाकरण और कृमिनाशक दवा की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने नगर पालिका परिषद रामानुजगंज क्षेत्र में 22 अक्टूबर से विभागों की संयुक्त टीम गठित कर घुमंतू एवं निराश्रित पशुओं को पकड़ने और उनके समुचित व्यवस्थापन की कार्रवाई शुरू करने को कहा। आमजन में जागरूकता के लिए पशु क्रूरता निवारण

अधिनियम, 1960 के प्रावधानों और दंडात्मक प्रावधानों की जानकारी ब्रोशर-पंपलेट के माध्यम से पहुंचाने तथा निदान 1100 हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने डेयरी पशुओं में ऑक्सीटोसिन जैसी प्रतिबंधित दवाओं के दुरुपयोग पर रोक लगाने और पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाली संक्रामक बीमारियों की नियमित निगरानी करने को भी कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


बैठक में पुलिस, पशुधन विकास, स्वास्थ्य, राजस्व विभाग एवं नगरीय निकायों के अधिकारी तथा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments