रक्षा गौ सेवा आश्रम में संपन्न हुआ सुंदरकांड पाठ, हवन और भंडारा।
बलरामपुर संवाददाता:-(CG vision TV)
बलरामपुर/राजपुर। ग्राम बासेन स्थित रक्षा गौ सेवा आश्रम में रक्षा वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में शनिवार को सामूहिक सुंदरकांड पाठ, हवन एवं भव्य भंडारे का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य आध्यात्मिकता के माध्यम से आमजन को गौ सेवा और समाज सेवा से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से सामूहिक सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम और भक्त शिरोमणि हनुमान जी की आराधना की। पाठ संपन्न होने के उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्णाहुति हवन किया गया। इसके बाद आयोजित भव्य भंडारे में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामवासियों व श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
संस्था के संचालक सुरेंद्र यादव ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य केवल अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए समाज में सेवा, करुणा और आपसी सद्भाव की भावना का विस्तार करना है। फाउंडेशन का मानना है कि धार्मिक मंच जनचेतना जागृत करने और लोगों को गौ संरक्षण व जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर रक्षा वेलफेयर फाउंडेशन ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं, ग्रामीणों और सेवाभावी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। संस्था ने कहा कि जनसहयोग के बिना सेवा कार्यों का विस्तार संभव नहीं है। साथ ही अपील की कि प्रत्येक नागरिक अपनी सामर्थ्य के अनुसार गौ सेवा और मानव सेवा में सक्रिय भागीदारी निभाए।

0 Comments