दुर्गूकोंदल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं का हल्ला बोल, पांच सूत्रीय मांगों को लेकर दिया धरना, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
दुर्गूकोंदल, कांकेर। अपनी लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं का सब्र अब टूटने लगा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संयुक्त मंच के आह्वान पर मंगलवार को विकासखंड दुर्गूकोंदल की सैकड़ों कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने रंगमंच स्थल पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरने के बाद सभी कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर तहसील कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
"काम सरकारी कर्मचारियों जैसा, सुविधा कुछ नहीं"
धरने को संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष जमुना माहवे, उपाध्यक्ष अर्चना भुआर्य और सचिव अंजू टांडिया ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुबह से शाम तक विभाग की दर्जनों योजनाओं - पोषण, टीकाकरण, सर्वे, चुनाव ड्यूटी तक में खटती हैं, लेकिन उन्हें आज भी अस्थायी मानदेय पर रखा गया है। न भविष्य सुरक्षित है, न सामाजिक सुरक्षा।
उन्होंने कहा कि सरकार को उनके योगदान को समझते हुए नियमितीकरण की दिशा में ठोस फैसला लेना चाहिए।
क्या हैं 5 प्रमुख मांगें?
संयुक्त मंच ने ज्ञापन में 5 सूत्रीय मांगें रखी हैं -
1. आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं का नियमितीकरण किया जाए। जब तक नियमितीकरण नहीं होता, तब तक कार्यकर्ता को 30,000 और सहायिका को 25,500 रुपये मासिक वेतन दिया जाए।
2. कार्यकर्ताओं को सीधे सुपरवाइजर और सहायिकाओं को कार्यकर्ता के पद पर पदोन्नत किया जाए और पदोन्नति में आयु सीमा की बाध्यता खत्म की जाए।
3. सभी को समूह बीमा, पेंशन, ग्रेच्युटी और पीएफ जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिया जाए।
4. ड्यूटी के दौरान आकस्मिक मृत्यु होने पर परिवार के आश्रित को तत्काल अनुकंपा नियुक्ति दी जाए।
5. सेवानिवृत्ति पर कार्यकर्ता को 5 लाख और सहायिका को 3 लाख रुपये एकमुश्त सम्मान राशि दी जाए, साथ ही मध्यप्रदेश की तर्ज पर प्रतिवर्ष मानदेय में बढ़ोतरी की जाए।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो प्रदेश संगठन के आह्वान पर अनिश्चितकालीन हड़ताल और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस दौरान प्रमिला परिहार, मनभोतिन यादव, बरतीन मातलाम, भारती चौरके, निर्मला नरेटी, लीला भुआर्य सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
.jpeg)

0 Comments