Ticker

6/recent/ticker-posts

Durgkondal: चिखली में धान खरीदी की रफ्तार बेहद धीमी, टोकन लिमिट न बढ़ने से किसानों में बढ़ता असंतोष*

 *चिखली में धान खरीदी की रफ्तार बेहद धीमी, टोकन लिमिट न बढ़ने से किसानों में बढ़ता असंतोष*


*अब तक सिर्फ 25 किसानों की हुई बोहनी, लिमिट नहीं बढ़ी तो आंदोलन की चेतावनी*



दुर्गूकोंदल।शासन द्वारा धान खरीदी का लक्ष्य तो तय कर दिया गया है, लेकिन चिखली धान खरीदी केंद्र में टोकन की सीमित व्यवस्था किसानों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। ग्राम चिखली के खरीदी केंद्र में प्रतिदिन टोकन लिमिट नहीं बढ़ाए जाने से क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है। किसानों का कहना है कि शासन की नीतियां कागजों तक ही सीमित रह गई हैं, जबकि जमीनी स्तर पर उनकी परेशानियों को नजरअंदाज किया जा रहा है।सर्व आदिवासी समाज जिला युवा प्रभाग के जिला सचिव राजेश गोटा ने बताया कि चिखली खरीदी केंद्र में प्रतिदिन मात्र 760 क्विंटल धान की ही खरीदी हो पा रही है। जबकि क्षेत्र में इस वर्ष धान की बंपर पैदावार हुई है और धान बेचने वाले किसानों की संख्या सैकड़ों में है। इतनी कम लिमिट में खरीदी होना किसानों के लिए ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रहा है।स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खरीदी प्रक्रिया शुरू हुए कई दिन बीत जाने के बाद भी अब तक केवल 20 से 25 किसान ही अपना धान बेच पाए हैं। शेष किसान अपने टोकन कटने का इंतजार कर रहे हैं। कई किसानों का धान अभी भी खेतों में पड़ा हुआ है, तो कुछ किसान मजबूरी में उसे घरों में असुरक्षित तरीके से संग्रहित कर रहे हैं। इससे धान के खराब होने और मौसम की अनिश्चितता का खतरा लगातार बना हुआ है।किसानों का कहना है कि यदि समय रहते टोकन लिमिट नहीं बढ़ाई गई, तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। धान खरीदी में देरी से न केवल किसानों की मेहनत पर पानी फिर सकता है, बल्कि उनके सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो सकता है।राजेश गोटा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शासन और प्रशासन ने जल्द ही चिखली खरीदी केंद्र की टोकन लिमिट नहीं बढ़ाई, तो किसान और आदिवासी समाज आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र की वास्तविक स्थिति को देखते हुए प्रतिदिन की खरीदी सीमा बढ़ाई जाए, ताकि सभी किसानों का धान समय पर खरीदा जा सके और उन्हें राहत मिल सके।

Post a Comment

0 Comments