एनएच-343 और भंवरमाल ग्रामीण सड़क की हालत खस्ता
बलरामपुर/जर्जर सड़क के कारण 200 से अधिक स्कूली बच्चों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
राष्ट्रीय राजमार्ग-343 और भंवरमाल जाने वाली ग्रामीण सड़क की जर्जर स्थिति अब स्कूली बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, भवरमाल में अध्ययनरत रामानुजगंज, तातापानी, जामवंतपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के 200 से भी अधिक छात्र-छात्राएं प्रतिदिन इसी मार्ग से स्कूल पहुंचते हैं, लेकिन सड़क की बदहाल हालत के कारण उनका आवागमन जोखिम भरा हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार एनएच-343 कई स्थानों पर गहरे गड्ढों में। तब्दील हो चुका है। बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाने से वे दिखाई। नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। कई हिस्सों में सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों का। संचालन भी मुश्किल हो गया है। इसका सीधा असर विद्यार्थियों की नियमित स्कूल उपस्थिति पर भी पड़ रहा है। इधर भवरमाल जाने वाली ग्रामीण सड़क भी लंबे समय से मरम्मत का इंतजार कर रही है। सड़क की ऊपरी परत उखड़ चुकी है और पुलिया के समीप लगातार मिटूटी का कटाव हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत और सुरक्षा कार्य नहीं कराया गया तो पुलिया के पास सड़क धंसने का खतरा बढ़ जाएगा, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है। खराब सड़क और फिसलन के कारण बाइक चालकों को भी रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों को स्कूल छोड़ने और लेने आने वाले अभिभावकों ने भी उनकी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में सड़क पर सफर करना किसी जोखिम से कम नहीं है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से मांग की है कि एनएच-343 और भंवरमाल ग्रामीण सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा पुलिया के पास कटाव रोकने के लिए सुरक्षा कार्य शीघ्र कराया जाए, ताकि स्कूली बच्चों सहित आम लोगों का आवागमन सुरक्षित हो सके। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो बारिश के दौरान हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं।

0 Comments