Ticker

6/recent/ticker-posts

BALRAMPUR: कार्यभार संभालते ही जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने दिए निर्देश

 कार्यभार संभालते ही जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने दिए निर्देश


बलरामपुर-रामानुजगंज जिला पंचायत के नवनियुक्त सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने विधिवत अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने जिला पंचायत कार्यालय का भ्रमण किया और वहां की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से औपचारिक परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कार्यालय के प्रत्येक कक्ष की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विभागीय योजनाओं की वर्तमान प्रगति की जानकारी लेकर जरूरी निर्देश दिए।



इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अपनी कार्ययोजना को स्पष्ट किया। डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर एक पात्र हितग्राही तक समय-सीमा के भीतर और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाना प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से टीम भावना के साथ काम करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का शत-प्रतिशत निर्वहन करने का आह्वान किया ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी राज्य प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2014 बैच के अधिकारी हैं। अपनी इस नई पदस्थापना से पहले वह कोरिया जिले में जिला पंचायत सीईओ के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। इसके अलावा वह डिप्टी कलेक्टर सहित कई अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।

Post a Comment

0 Comments