लोकेशन भिलाई
संजय कुमार
स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति का 134वां स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता सप्ताह
भिलाई। हरा भरा, स्वच्छ धरा के उद्देश्य को लेकर स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ ने अपने लगातार 134वें सप्ताह में भिलाई रिसाली सेक्टर ब्लाक 31/2 स्थित गार्डन में साफ-सफाई अभियान चलाया। यह लगातार पांचवां सप्ताह है जब समिति द्वारा इस स्थल पर सफाई की गई।
अभियान के दौरान गार्डन में फैले खरपतवार, गाजर घास, झिल्ली, पानी पाउच, बोतलें, कागज़ आदि को एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर डंप किया गया। साथ ही पूर्व में लगाए गए फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों की देखभाल की गई।
समिति के सदस्यों ने बैनर व पोस्टर के माध्यम से “पौधे लगाकर पेड़ बनाओ, जीवन में खुशियां बरसाओ”, “जागो और जगाओ, स्वच्छता अपनाओ” तथा “खुले में शौच न करें, न करने दें, न करवाएं” जैसे नारों से स्थानीय लोगों को स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। पौधों की सुरक्षा हेतु घेराबंदी की व्यवस्था का आश्वासन वार्ड पार्षद संजू नेताम ने दिया।
संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने बताया कि इस मुहिम से लोग प्रेरित होकर अपने-अपने क्षेत्र में स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से समिति से जुड़कर गांव, शहर, जिला, राज्य व देशभर में इस अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की।
समिति सदस्य विजय सिंह ने भी आमजन से आग्रह किया कि वे इस अभियान से प्रेरणा लेकर अपने क्षेत्र में स्वच्छता व पौधारोपण कार्य कर इसे सफल बनाने में सहयोग दें।
अभियान में संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल, आजीवन सदस्या श्रीमती तरुणा देशमुख, विजय सिंह, श्याम राय, कार्तिक राम चंद्राकर, महेंद्र यादव, दाऊ लाल बघेल एवं भागीरथी सिन्हा सक्रिय रूप से शामिल हुए।

0 Comments