Ticker

6/recent/ticker-posts

Durgkondal: बस्तर ओलंपिकके लिए पंजीयन शुरु,युवाओं को मिलेगा खेल प्रतिभा निखारने का अवसर

 बस्तर ओलंपिकके लिए पंजीयन शुरु,युवाओं को मिलेगा खेल प्रतिभा निखारने का अवसर


 *मुख्यधारा से जुड़ेंगे माओवादी प्रभावित व आत्मसमर्पित युवा, विकासखंड व जिला स्तर पर होंगे आयोजन*



दुर्गूकोदल। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से शासन का प्रयास है कि बस्तर अंचल के हर गांव, हर युवा और हर वर्ग तक खेल भावना और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश पहुँचे।बस्तर ओलंपिक 2025 का आयोजन विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर किया जाएगा। प्रतियोगिता में 14 से 17 वर्ष तथा 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। विशेष पहल के रूप में इसमें माओवादी प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं, दिव्यांग खिलाड़ियों एवं आत्मसमर्पित माओवादियों के लिए भी खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे वे समाज में पुनः सक्रिय और सम्मानजनक जीवन जी सकें।

इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत दुर्गूकोदल श्री सुरेंद्र बंजारे ने जानकारी दी कि बस्तर ओलंपिक के लिए पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक प्रतिभागी अपना पंजीयन जनपद पंचायत कार्यालय, खंड शिक्षा कार्यालय तथा विकास खंड दुर्गूकोदल के समस्त 44 ग्राम पंचायतों में करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर से चयनित खिलाड़ी आगे विकासखंड और जिला स्तरीय स्पर्धाओं में भाग लेंगे।इस आयोजन का उद्देश्य केवल खेल प्रतिभा को पहचान देना ही नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, सहयोग, प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास की भावना को बढ़ावा देना है। बस्तर क्षेत्र के युवाओं में खेल के माध्यम से सकारात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता विकसित करना शासन का मुख्य लक्ष्य है।बस्तर ओलंपिक 2025 के दौरान एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, फुटबॉल, रस्साकशी, तीरंदाजी, पारंपरिक खेलों सहित अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। खेल मैदानों की तैयारी और आवश्यकव्यवस्थाओं हेतु संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए हैं।मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बंजारे ने कहा कि “यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि शांति, एकता और विकास का महोत्सव है। इससे बस्तर के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और खेल के माध्यम से समाज में स्थायी परिवर्तन की दिशा बनेगी।

Post a Comment

0 Comments