कोटा/बेलगहना....ग्राम करका में जन स्वास्थ्य सहयोग संस्था, गनियारी एवं ग्राम पंचायत करका के आपसी समन्वय से शराब नशामुक्ति अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत ग्राम की महिलाओं ने एक सक्रिय समिति का गठन किया है, जो विद्यालयों, पंचायत बैठकों तथा सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जाकर लोगों को शराब के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रही है।
समिति न केवल नशे के दुष्परिणामों पर जागरूकता फैला रही है, बल्कि नशे के आदी व्यक्तियों को उपचार, परामर्श एवं नशा छोड़ने में सहयोग भी प्रदान कर रही है। ग्राम पंचायत करका एवं जन स्वास्थ्य सहयोग संस्था के संयुक्त प्रयासों से ऐसे व्यक्तियों के पुनर्वास हेतु प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार एवं आजीविका से जोड़ने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
इस अभियान के माध्यम से समाज में सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन लाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जैसे—महिला हिंसा में कमी, युवाओं में नशे के प्रति समझ विकसित करना, सामाजिक मान-सम्मान की वृद्धि, गांव की सुरक्षा सुदृढ़ करना, नशे की हालत में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, फिजूल खर्चों पर नियंत्रण तथा आपसी विवादों में कमी लाना।
समिति द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि इस माह आयोजित होने वाली ग्राम सभा में “नशामुक्त ग्राम करका” बनाने हेतु प्रस्ताव पारित करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही, समाज के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं प्रशासन से सहयोग का आग्रह किया जाएगा।
इस पहल को ग्राम पंचायत करका के सभी पंच-सरपंचों का पूर्ण समर्थन प्राप्त है, जो इसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
यह अभियान ग्राम करका को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बनकर उभर रहा है।


0 Comments