शादी का झांसा देकर नाबालिग का शारीरिक शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई
संवाददाता - मंदीप सिंह
स्थान - खैरागढ़
खैरागढ़। थाना छुईखदान पुलिस ने नाबालिग बालिका का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी डोमार सिंह मेरावी ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा लिया था और लगातार उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा।
पूरा मामला तब प्रकाश में आया जब पीड़िता के परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम भेन्ड्रा निवासी डोमार सिंह उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले गया है। पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 121/2026 के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने बीते 7 अप्रैल को नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था, लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
पुलिस की लगातार तलाश और घेराबंदी के बाद आखिरकार 21 अप्रैल को 33 वर्षीय आरोपी डोमार सिंह मेरावी पिता लीला राम मेरावी को गिरफ्तार कर लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 137(2), 64(2)(ड), 65(1), 96 सहित पाक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत संगीन आरोप पाए गए। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में छुईखदान पुलिस की सतर्कता ने एक बार फिर अपराधियों के हौसले पस्त किए हैं


0 Comments