लोकेशन बालोद
संजय कुमार
बीएसपी प्रबंधन की वादाखिलाफी के विरोध में तीनों पंचायतों की हड़ताल सफलतापूर्वक समाप्त
खदान मजदूर संघ (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ) के अध्यक्ष मुश्ताक अहमद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि दिनांक 16 अक्टूबर 2025 से ग्राम नलकसा, कोपेडेरा एवं कुमुरकट्टा के सरपंचों व ग्रामवासियों द्वारा बीएसपी प्रबंधन की वादाखिलाफी के विरोध में महामाया, कलवर और दुलकी खदानों का कार्य पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया था।
ग्रामीणों का आरोप था कि बीएसपी प्रबंधन ने खदान शुरू करने से पूर्व जो वादे किए थे, उनका पालन नहीं किया गया।
मुख्य माँगें थीं —
महामाया रोड का शीघ्र निर्माण, जो अत्यंत जर्जर स्थिति में है और आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रही है।
सीएसआर मद से नियुक्त शिक्षकों को एक वर्ष से लंबित वेतन का भुगतान एवं स्थायी नियुक्ति।
लालपानी से खेतों के नुकसान की रोकथाम हेतु प्रभावी उपाय।
तीनों पंचायतों के बेरोजगारों को खदानों में रोजगार (पूर्व वादे के अनुसार 45%)।
बीएसपी प्रबंधन, जिला प्रशासन और ग्रामीणों के बीच कई दौर की बैठकें हुईं, किन्तु प्रारंभ में कोई समाधान नहीं निकल सका। तत्पश्चात खदान मजदूर संघ के अध्यक्ष मुश्ताक अहमद ने धरना स्थल पहुँचकर ग्रामीणों से संवाद किया और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी सभी जायज मांगों के समर्थन में संघ पूर्णतः साथ है।
बाद में एसडीएम राजहरा सुरेश कुमार साहू, सीएसपी राजहरा डॉ. चित्रा वर्मा, तहसीलदार देवेन्द्र नेताम, भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लूनिया, नगरपालिका अध्यक्ष तोरणलाल साहू, तीनों सरपंच, पूर्व सरपंचगण, तथा बीएसपी प्रबंधन के मुख्य महाप्रबंधक आर. बी. गहरवार और ठेकेदारों के साथ वार्ता हुई।
समझौते के प्रमुख बिंदु:
महामाया रोड का निर्माण कार्य 20 दिसंबर 2025 से प्रारंभ होगा।
सीएसआर मद से कार्यरत शिक्षकों का लंबित वेतन तत्काल भुगतान किया जाएगा।
तीनों पंचायतों में डीएमएफ और सीएसआर मद से विकास कार्य किए जाएंगे।
दुलकी और महामाया खदानों में ग्रामीण बेरोजगारों को प्राथमिकता से रोजगार दिया जाएगा।
इन निर्णयों के बाद 16 अक्टूबर से चल रही हड़ताल 04 नवंबर 2025 को समाप्त कर दी गई।
भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री सौरभ लूनिया ने सरपंचों को आश्वस्त किया कि तीनों पंचायतों के विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस हड़ताल को सफलतापूर्वक समाप्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी —
मुकेश कुमार (सरपंच, कोपेडेरा), हेमूराम टेकाम (सरपंच, नलकसा), डोमेंद्र कुमार कोर्राम (सरपंच, कुमुरकट्टा), लखन कुमार, चैन सिंह टेकाम, साधना सोरी, तोरणलाल साहू, सौरभ लूनिया, सुरेश कुमार साहू (एसडीएम), डॉ. चित्रा वर्मा (सीएसपी), देवेन्द्र नेताम (तहसीलदार), आर. बी. गहरवार (मुख्य महाप्रबंधक, बीएसपी), ठेकेदारगण, तथा खदान मजदूर संघ के सचिव लखनलाल चौधरी रहे।

0 Comments