बिलासपुर/बेलगहना।
शासकीय हाई स्कूल कोनचरा में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का आक्रोश अब जिला मुख्यालय तक पहुंच गया है। स्कूल में स्वीकृत पांच शिक्षकों के पद होने के बावजूद वर्तमान में केवल एक शिक्षक के भरोसे शैक्षणिक व्यवस्था संचालित हो रही है। प्राचार्य के प्रशासनिक कार्यों को अलग रखें तो विद्यार्थियों की पढ़ाई लगभग भगवान भरोसे चल रही है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि गणित, अंग्रेजी और विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के लिए शिक्षक ही उपलब्ध नहीं हैं, जिससे विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बोर्ड कक्षाओं के छात्र सबसे अधिक परेशान हैं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित हो रहे हैं।
इसी गंभीर समस्या को लेकर जनपद सदस्य रोहिणी नेतू यादव, ग्राम पंचायत कोनचरा की सरपंच संतोषी गणपत मरावी, कांशी यादव, बहोरिक ओरकेरा और बैजनाथ पटेल बिलासपुर पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर हाई स्कूल में तत्काल विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शिक्षा जैसी मूलभूत व्यवस्था में लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो ग्रामीणों और पालकों के साथ मिलकर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
अब देखना होगा कि कलेक्टर के संज्ञान में आने के बाद शिक्षा विभाग कब तक कोनचरा हाई स्कूल में शिक्षकों की कमी दूर कर विद्यार्थियों को राहत दिलाता है।



0 Comments