*सहायक खंड शिक्षा अधिकारी अंजनी मंडावी ने नवोदय कोचिंग कक्षाओं का किया सघन निरीक्षण*
*हमर दुर्गूकोदल”में शिक्षा* *को नई उड़ान नवोदय*कोचिंग में बच्चों का जोश और शिक्षकों की समर्पण भावना सराहनीय*
दुर्गूकोदल।विकासखंड दुर्गूकोदल के विभिन्न संकुलों में संचालित नवोदय प्रवेश परीक्षा कोचिंग कक्षाओं का सघन निरीक्षण सहायक खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती अंजनी मंडावी द्वारा किया गया।सर्वत्र खुशियां बिखेरता हमर दुर्गूकोदल अभियान के अंतर्गत शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की तैयारी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया गया।सहायक खंड शिक्षा अधिकारी अंजनी मंडावी ने संकुल केंद्र दुर्गूकोदल एवं गोड़पाल अंतर्गत प्राथमिक शाला पाल्हर, सुरुंगदोह, कोड़ेकुर्से, तरहुल, हाटकोंदल सहित कई कोचिंग केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय बातचीत करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और आगामी नवोदय प्रवेश परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।निरीक्षण के दौरान श्रीमती मंडावी ने कहा कि “गांव-गांव में नवोदय की तैयारी बच्चों के आत्मविश्वास और प्रतिभा को नई दिशा दे रही है। शिक्षकों और समन्वयकों का समर्पण सराहनीय है। उन्होंने कोचिंग कक्षाओं में उपस्थित शिक्षकों से चर्चा कर यह सुनिश्चित किया कि विद्यार्थियों को पढ़ाई में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।सहायक खंड शिक्षा अधिकारी ने कोचिंग केंद्रों में चल रहे प्रथम टेस्ट परीक्षा की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और सभी केंद्रों के लिए प्रश्न पत्रों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए नवोदय पुस्तकों, स्टेशनरी, अभ्यास पुस्तिकाओं और शिक्षण सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने यह भी सराहा कि कई संकुल केंद्रों के समन्वयक अपने स्वयं के संसाधनों से प्रश्न पत्र और शैक्षणिक सामग्रियों की व्यवस्था कर विद्यार्थियों को नि:शुल्क कोचिंग प्रदान कर रहे हैं। यह प्रयास क्षेत्र में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और जिम्मेदारी का प्रतीक है।दुर्गूकोदल विकासखंड में इस प्रकार के सामूहिक प्रयास से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे अब बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।श्रीमती अंजनी मंडावी ने कहा कि शिक्षा से ही विकास का मार्ग निकलता है, और नवोदय जैसी संस्थाओं में प्रवेश से बच्चों का भविष्य उज्जवल होता है।
विकासखंड स्तर पर संचालित इस अभिनव प्रयास की जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और पालकों द्वारा भरपूर सराहना की जा रही है। यह पहल दुर्गूकोदल को शिक्षा क्षेत्र में एक नई पहचान देने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है।

0 Comments