क्षेत्रीय स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
ग्रामीण युवाओं में खेल भावना व सौहार्द बढ़ाने का सार्थक प्रयास
दुर्गूकोदल। 178वीं वाहिनी, सीमा सुरक्षा बल, दुर्गकोंडल के तत्वावधान में उन्मुख ग्राउंड दुर्गकोंडल में क्षेत्रीय स्तरीय खो-खो खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बीएसएफ जवानों के साथ-साथ नक्सल प्रभावित क्षेत्र के स्थानीय बच्चों और युवाओंनेउत्साहपूर्वक भाग लिया। मैदान में शानदार खेल भावना, अनुशासन और टीम समन्वय का अनूठा वातावरण देखने को मिला।प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देकर युवाओं में शारीरिक दक्षता, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा विकसित करना था। साथ ही बीएसएफ और स्थानीय नागरिकों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और सौहार्द को मजबूत करना भी इस आयोजन का प्रमुख लक्ष्य रहा। बीएसएफ द्वारा ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित कर युवाओं को सामाजिक और रचनात्मक दिशा प्रदान की जा रही है।प्रतियोगिता का सफल संचालन श्री टी. मोहन समादेष्टा, क्षेत्रीय मुख्यालय भानुप्रतापपुर एवं कार्यवाहक कमांडेंट श्री जे.आर. कुजूर के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में हुआ। इनके नेतृत्व में सीमा सुरक्षा बल न केवल सीमा सुरक्षा के दायित्वों का निर्वहन कर रहा है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल तथा जनसंपर्क जैसे सामाजिक कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इससे स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा बलों के प्रति आत्मीयता और विश्वास का वातावरण और अधिक मजबूत हुआ है।कार्यक्रम के दौरान द्वितीय कमान अधिकारी श्री शैलेन्द्र शर्मा, उप समादेष्टा श्री गुरु चरण सिंह, उप समादेष्टा श्री नागमणि सिंह तथा अधिकारी एवं जवानगण उपस्थित रहे। साथ ही स्थानीय गणमान्य नागरिकों में प्राचार्य श्री अजय नेताम, श्री अशोक जैन (स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष) सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी व ग्रामीणजन मौजूद थे।
फाइनल मुकाबला 178वीं वाहिनी बीएसएफ दुर्गकोंडल और 83वीं वाहिनी बीएसएफ पखांजूर के बीच खेला गया। कड़े और रोमांचक मुकाबले में 178वीं वाहिनी दुर्गकोंडल की टीम विजेता और 83वीं वाहिनी पखांजूर उपविजेता रही। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।चयनित खिलाड़ियों की टीम अब क्षेत्रीय मुख्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए आगामी सीमांत स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी। इस आयोजन ने क्षेत्रीय युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।


0 Comments