Ticker

6/recent/ticker-posts

Durgkondal: तीन दिन से शव का अंतिम संस्कार अटका, धर्मांतरण के बाद परंपरा पर टकराव!

 तीन दिन से शव का अंतिम संस्कार अटका, धर्मांतरण के बाद परंपरा पर टकराव!



दुर्गूकोंदल।विकासखंड दुर्गूकोंदल के ग्राम कोडेकुर्से में ईसाई धर्मांतरण कर चुके युवक मनोज निषाद की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार को लेकर बीते तीन दिनों से विवाद की स्थिति बनी हुई है। गांव में शव दफनाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए थे। एक ओर मृतक के परिवार व ईसाई समुदाय के लोग शव को गांव में दफनाने पर अड़े हुए थे, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों ने गांव की परंपरा व सामाजिक व्यवस्था का हवाला देते हुए दफनाने का विरोध किया।मनोज निषाद की मृत्यु के बाद ईसाई समुदाय ने स्थानीय कब्रिस्तान में दफनाने की तैयारी की थी, लेकिन ग्रामीणों ने कहा कि मृतक भले ही धर्मांतरित हो गया था, परंतु गांव की परंपरा के अनुसार यहां ईसाई रीति से दफनाने की अनुमति नहीं है। इसको लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मामला बढ़ते देख प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।

प्रशासन ने दोनों पक्षों के बीच कई दौर की चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। अंततः समझाइश के बाद ईसाई समुदाय शव को लेकर चारामा कब्रिस्तान जाने के लिए राजी हुआ। किंतु चारामा में भी आपसी असहमति और अनुमति संबंधी दिक्कतों के चलते अंतिम संस्कार संभव नहीं हो पाया। इसके कारण शव को वापस वाहन में रखा गया और स्थिति दोबारा उलझ गई।अब नवीनतम जानकारी यह है कि ईसाई समुदाय शव को रायपुर ले जाने की तैयारी कर रहा है, जहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार अंतिम संस्कार किया जा सकेगा। प्रशासन भी सुरक्षा की दृष्टि से पूरे मामले पर निगरानी बनाए हुए है।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि विवाद धर्म या व्यक्ति विशेष से नहीं बल्कि ग्राम की परंपरा और सामुदायिक शांति बनाए रखने से संबंधित है। वहीं ईसाई समुदाय का कहना है कि मृतक जीवनभर उनके धर्म और समाज में रहा, इसलिए उसका अंतिम संस्कार भी उसी रीति से होना चाहिए।लगातार तीन दिनों से चले टकराव के बाद भी समाधान नहीं निकल पाया है, जिससे गांव में असहजता और तनाव व्याप्त है। प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि किसी भी प्रकार की अफवाह से दूर रहें।

Post a Comment

0 Comments