लोकेशन डॉडी
जिला बालोद
संजय कुमार
डौंडी विकासखंड के किसानों ने धान खरीदी की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
डौंडी। डौंडी विकासखंड के किसानों ने धान खरीदी प्रक्रिया में हो रही गंभीर समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम एक ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी डौंडी को सौंपा। किसानों का कहना है कि 15 नवंबर से प्रारंभ हुई धान खरीदी में तुहर टोकन एप के माध्यम से ऑनलाइन व ऑफलाइन टोकन की सीमित व्यवस्था और धीमी खरीदी के कारण अब तक मात्र 25 प्रतिशत धान ही खरीदा जा सका है, जिससे 31 जनवरी तक खरीदी पूर्ण होना संभव नहीं दिख रहा है।
किसानों ने ज्ञापन में प्रमुख मांगें रखी हैं—टोकन वितरण में वर्तमान 70-30 अनुपात को बदलकर 50-50 करने, टोकन की संख्या पर लगी सीमा समाप्त करने, गिड़ावरी रिपोर्ट व रकबा कटौती में हो रही त्रुटियों का शीघ्र निराकरण करने, सहकारी समितियों की खरीदी लिमिट 25 से 30 प्रतिशत बढ़ाने जैसी मांगें शामिल हैं।
इसके अलावा किसानों ने पिछली सरकार की धान बोनस की चौथी किस्त तुरंत जारी करने, वनाधिकार पट्टा धारियों का धान खरीदी में शामिल करने तथा हुद-हुद बरसात से खराब हुए धान का सर्वे कर मुआवजा प्रदान करने की भी मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में गंगाराम दर्रो, आत्माराम कौड़ो, भोलाराम नेताम, अर्जुन कुमेटी, खिलेन्द्र भुआर्य, समीर धुर्वा, राजेश रावटे, राजेश चुरेंद्र, तिहार सिंह तारम सहित अनेक किसान उपस्थित थे। किसानों ने उम्मीद जताई है कि शासन उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करेगा।

0 Comments