Ticker

6/recent/ticker-posts

बेलगहना में ट्रक रोककर 5 हजार रुपये की मांग, चालक से मारपीट और धमकी देने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

 


दारसागर चौक के पास कोयला लोड ट्रक को रोककर की थी अवैध वसूली की कोशिश, पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा


बेलगहना। कोयला लोड ट्रक को रास्ते में रोककर चालक से 5 हजार रुपये की मांग करने, गाली-गलौज और मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में बेलगहना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सनत तिवारी निवासी काटकोण, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) 7 नवंबर 2026 को ट्रक में कोयला लोड कर कटनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रात्रि करीब 8:30 बजे दारसागर चौक के पास चार व्यक्ति ट्रक के सामने आकर खड़े हो गए और वाहन रुकवा लिया। आरोप है कि उन्होंने चालक से 5 हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने एक राय होकर अश्लील गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट की।


घटना के बाद प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी बेलगहना में अपराध क्रमांक 969/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 126(2), 324(2), 119(1) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को घटना से अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों की पतासाजी कर तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस ने 8 नवंबर को तीन आरोपियों को पकड़कर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने बताई है।


गिरफ्तार आरोपी:


1. नागेंद्र जायसवाल उर्फ मिट्ठू (24 वर्ष), पिता पदुमलाल जायसवाल, निवासी चपोरा, थाना रतनपुर।

2. प्रभात मरकाम उर्फ ओम (20 वर्ष), पिता शिवराम सिंह, निवासी बासाझाल, थाना रतनपुर।

3. दुर्गेश कुमार उइके (20 वर्ष), पिता रामजी उइके, निवासी चपोरा, थाना रतनपुर।


पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।


पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सड़क पर वाहन चालकों को रोककर कथित अवैध वसूली और मारपीट जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।



Post a Comment

0 Comments