Ticker

6/recent/ticker-posts

Durgkondal: खरीदी शुरु होने के 33 दिनों बाद भी दस केंद्रो में धान का उठाव नहीं

 खरीदी शुरु होने के 33 दिनों बाद भी दस  केंद्रो में धान का  उठाव नहीं



दुर्गूकोदल। 28 दिसंबर 2025।

विकासखंड दुर्गूकोदल अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी विपणन वर्ष 2025-26 के तहत 15 नवंबर से धान खरीदी कार्य प्रारंभ हुआ, लेकिन शुरुआती चरण से ही यह प्रक्रिया लगातार बाधाओं से प्रभावित रही है। पहले दो दिनों तक अवकाश होने के कारण खरीदी शुरू नहीं हो सकी, वहीं इसके बाद खरीदी का पहला सप्ताह लैंप्स कर्मचारियों एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों की हड़ताल के चलते पूरी तरह प्रभावित रहा।स्थिति यह है कि 15 नवंबर से 27 दिसंबर तक कुल 33 दिनों की खरीदी अवधि बीत जाने के बावजूदविकासखंड दुर्गूकोदल के किसी भी धान खरीदी केंद्र से अब तक एक दाना भी धान का उठाव नहीं हो पाया है। इससे खरीदी केंद्रों में भंडारण की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है और आने वाले दिनों में धान खरीदी के पूरी तरह प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।दुर्गूकोदल धान खरीदी केंद्र के लैंप्स प्रबंधक श्री रवि वर्मा एवं धान खरीदी प्रभारी श्री जितेंद्र साहू ने बताया कि इस केंद्र में कुल 1360 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से अब तक 470 किसानों ने धान विक्रय किया है। यहां कुल 25,789 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है, जबकि केंद्र का कुल लक्ष्य 72,000 क्विंटल निर्धारित है। वर्तमान में प्रतिदिन की खरीदी सीमा 1600 क्विंटल तय की गई है, लेकिन उठाव नहीं होने और जगह के अभाव के कारण खरीदी प्रभावित होने की स्थिति बन रही है। जबकि धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 निर्धारित है।इसी तरह आदिम जाति सहकारी समिति कोड़ेकुर्सी अंतर्गत धान खरीदी केंद्र सुरुगदोह के लैंप्स प्रबंधक श्री संतु पांडे एवं केंद्र प्रभारी श्री बहादुर राम तुलावी ने बताया कि यहां कुल 600 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से 276 किसानों ने धान बेचा है। यहां अब तक लगभग 16,000 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है, जबकि लक्ष्य 30,000 क्विंटल है। इस केंद्र में भी अब तक धान का कोई उठाव नहीं हुआ है, जिससे भंडारण की समस्या गंभीर होती जा रही है।यही स्थिति विकासखंड दुर्गूकोदल के अन्य धान खरीदी केंद्रों कोड़ेकुर्से ,लोहतर, कोदापाखा,चिखली, दमकसा, पुजारी पारा,पचागी, कोड़े एवं हाटकोंदल में भी बनी हुई है। सभी केंद्रों में धान का उठाव पूरी तरह ठप पड़ा है।वर्तमान में धान खरीदी के लिए केवल 20 से 22 दिन शेष हैं। ऐसे में बचे हुए किसानों का धान खरीदा जा पाना मुश्किल नजर आ रहा है। यदि शीघ्र ही धान का उठाव प्रारंभ नहीं किया गया, तो किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रबंधकों एवं प्रभारी अधिकारियों ने शीघ्र उठाव शुरू कराने की मांग की है, ताकि धान खरीदी सुचारू रूप से जारी रह सके।

Post a Comment

0 Comments