Cgvtv संवाददाता राम प्रताप सिंह की रिपोर्ट.....
बेलगहना....शासकीय प्राथमिक शाला उपका में कक्षा पाँचवीं के छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक श्री राम कुमार बैगा एवं शिक्षक श्री कृष्णा जगत उपस्थित रहे। साथ ही शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला उपका के प्रधान पाठक श्री सूर्यकांत बाजपेई तथा शिक्षिका श्रीमती मीरा जगत भी समारोह में शामिल हुए। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तिलमती एवं श्रीमती जैसवाल के साथ ग्राम में अतिथि शिक्षक के रूप में सेवा देने वाली कुमारी मोनिका मार्को भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।
समारोह में विद्यालयों के बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान कक्षा चौथी के बच्चों ने कक्षा पाँचवीं के छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया। स्वागत के पश्चात छोटे बच्चों ने अपने वरिष्ठ साथियों के अच्छे आचरण, आदतों और व्यवहार का उल्लेख करते हुए उनकी खूबियों पर प्रकाश डाला तथा उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर सभी बच्चों ने अपने वरिष्ठ छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर सम्मान किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ विदाई दी। पूरा वातावरण अत्यंत भावुक हो गया। कार्यक्रम के दौरान कई बार शिक्षकों की आंखें नम हो गईं और बच्चों ने भी भावुक होकर एक-दूसरे के प्रति अपना स्नेह और अनुराग व्यक्त किया।
इस प्रकार प्रेम, सम्मान और भावनाओं से भरे वातावरण में विदाई समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



0 Comments