Cgvtv संवाददाता राम प्रताप सिंह की रिपोर्ट
बेलगहना.....संकुल केंद्र उपका अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला सोढ़ा कला में शनिवार 14 मार्च को कक्षा पाँचवीं के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा चौथी के विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठ साथियों के सम्मान में स्नेहपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को भावुक बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजा के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने संस्था प्रमुख नरेन्द्र कुमार पाव एवं सहायक शिक्षक उदयराम अनंत का फूल-माला से सम्मान किया। समारोह के दौरान कक्षा चौथी के बच्चों ने कक्षा पाँचवीं के विद्यार्थियों को तिलक लगाकर एवं गुलदस्ता भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विदाई दी।
विदाई के इस अवसर पर बच्चों के बीच बिछड़ने का करुण और भावुक दृश्य भी देखने को मिला। छोटे विद्यार्थियों ने अपने बड़े साथियों के प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कक्षा चौथी के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि अपने से बड़े का सम्मान करना भारतीय संस्कृति की सुंदर परंपरा है, जो आपसी एकता और अपनत्व की भावना को मजबूत बनाती है।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने कक्षा पाँचवीं के विद्यार्थियों को तिलक लगाकर आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों के उत्साह और आपसी स्नेह ने समारोह को यादगार बना दिया।





0 Comments