संघर्ष की जीत: SI बनकर गांव लौटे हितेश धनकर, स्वागत में उमड़ा पूरा गांव
डोंगरगांव । ब्लॉक मुख्यालय के समीप स्थित ग्राम माथलडाबरी में उस समय उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जब गांव के मध्यमवर्गीय परिवार के युवक हितेश धनकर सब इंस्पेक्टर (SI) का प्रशिक्षण पूर्ण कर अपने गांव लौटे। हितेश, रूपधर धनकर के छोटे पुत्र हैं, जिन्होंने कड़े संघर्ष और लंबे इंतजार के बाद यह मुकाम हासिल किया है।
गांव पहुंचते ही उनका जोरदार स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों के साथ गांव की गलियों में जुलूस निकाला गया, जहां परिजन, ग्रामीण और इष्ट-मित्रों ने फूलमालाओं से उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल नजर आया। बुजुर्गों ने आशीर्वाद दिया, वहीं युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
ग्रामीणों ने बताया कि हितेश की यह सफलता पूरे गांव के लिए प्रेरणा है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने मेहनत और धैर्य के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। परिवारजनों ने भी इसे गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि सात वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आज उनका सपना साकार हुआ है।
हितेश धनकर ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार और गांव के लोगों के सहयोग को देते हुए कहा कि वे आगे भी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
गांव में इस अवसर पर दिनभर उत्सव जैसा माहौल बना रहा और लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी साझा की।
ओमकार साहू की रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ विजन टीवी

0 Comments