उर्सुलाइन इंग्लिश मीडियम स्कूल झींगो में नवनिर्वाचित छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न।
राजपुर/बलरामपुर, 25 जुलाई 2026।
उर्सुलाइन इंग्लिश मीडियम स्कूल, झींगो में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नवनिर्वाचित छात्र परिषद (स्टूडेंट काउंसिल) का शपथ ग्रहण (इन्वेस्टिचर) समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, अनुशासन और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा भावना का विकास करना था।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि सि०मजेस्ता बेक तथा विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर फेलोमिना भेंगरा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं मशाल प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के बैंड दल की आकर्षक धुन पर नवनिर्वाचित छात्र परिषद के पदाधिकारियों ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत कर उपस्थित सभी अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सदनों (हाउस) के कप्तानों, उप-कप्तानों, खेल कप्तानों एवं अनुशासन प्रभारियों को मुख्य अतिथि द्वारा सैश पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी नवनिर्वाचित छात्र नेताओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। छात्र-छात्राओं ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा एवं अनुशासन के साथ निर्वहन करने तथा साथी विद्यार्थियों के लिए आदर्श बनने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। नृत्य, गीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह का संचार किया और उपस्थित सभी लोगों की खूब सराहना प्राप्त की।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि छात्र परिषद केवल एक पद नहीं, बल्कि नेतृत्व, सेवा और जिम्मेदारी का प्रतीक है। वहीं विद्यालय की प्राचार्या ने नवनिर्वाचित छात्र परिषद के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ विद्यालय एवं समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
पूरे समारोह का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया तथा अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह सफलता पूर्वक एवं उत्साह पूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ


0 Comments