बालोद
लोकेशन -गुण्डरदेही
तारीख 31/08/26
गुंडरदेही की जनता की हक़ की लड़ाई से भाजपा में बौखलाहट, सत्ता के अहंकार में चूर भाजपाई पहले अपनी नाकामी देखें----- कुंवर सिंह निषाद
जनता की समस्याओं पर आवाज़ उठाना यदि नौटंकी है, तो जनता के लिए यह नौटंकी हम बार-बार करेंगे
अपने ढाई साल से ऊपर हो रहे कार्यकाल में भाजपा सरकार ने विकास को किया ठप, जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए दे रहे बेबुनियाद बयानबाज़ी
क्षेत्र की बदहाल सड़कों और रुके विकास कार्यों पर जवाब देने से क्यों भाग रहे हैं भाजपाई?
गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने भाजपा नेताओं द्वारा धरना-प्रदर्शन पर की गई अनर्गल और स्तरहीन बयानबाज़ी पर कड़ा पलटवार करते हुए इसे भाजपा की बौखलाहट करार दिया है। विधायक निषाद ने दो-टूक शब्दों में कहा कि सत्ता के अहंकार में डूबे भाजपा नेताओं को जनता का दर्द दिखाई नहीं दे रहा है। क्षेत्र की बदहाल सड़कों, किसानों की परेशानियों और ठप पड़े विकास कार्यों को लेकर जब जनप्रतिनिधि सड़क पर उतरकर जनता की आवाज़ उठाते हैं, तो भाजपा के तथाकथित नेता इसे अपनी नाकामी छुपाने का प्रयास बता रहे हैं। सच तो यह है कि अपनी विफलता और वादाखिलाफी से मुंह छुपाने के लिए भाजपाई अब बेतुकी बयानबाज़ी का सहारा ले रहे हैं।
विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष और जनप्रतिनिधि का दायित्व जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना और उसके निराकरण के लिए संघर्ष करना होता है। गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र की जनता ने मुझे चुनकर विधानसभा भेजा है, और उनके मान-सम्मान व बुनियादी सुविधाओं के लिए लड़ना मेरा प्रथम कर्तव्य है। यदि जनता के हक की लड़ाई लड़ना और गूंगी-बहरी सरकार को जगाने के लिए धरना-प्रदर्शन करना भाजपा की नज़र में राजनीतिक नौटंकी है, तो क्षेत्र की जनता के हित में यह लड़ाई हम हर चौराहे और सड़क पर बार-बार लड़ेंगे।
प्रदेश में विकास पूरी तरह ठप, भाजपाई गिनाएं अपनी 30 माह की उपलब्धि
विधायक निषाद ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार आई है, विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़ चुके हैं। सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृत फंड रोक दिए गए हैं और जनहित की योजनाओं की अनदेखी की जा रही है। पिछले 5 वर्षों में कांग्रेस शासन के दौरान गुंडरदेही क्षेत्र में सड़कों, पुल-पुलियों, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में रिकॉर्ड विकास कार्य स्वीकृत व संचालित हुए, लेकिन मौजूदा सरकार उन चालू व स्वीकृत कार्यों की मरम्मत तक कराने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
दबाव और झूठे मुकदमों की राजनीति से डरने वाले नहीं
विधायक ने कहा कि भाजपा के नेता सोशल मीडिया और अखबारों में बयानबाज़ी कर अपने आकाओं को खुश करने की होड़ में लगे हैं। जब जनता बुनियादी सुविधाओं की मांग करती है, तो ये अपनी ज़िम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए उल्टे विपक्ष पर ही आरोप मढ़ने लगते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार चाहे जितना भी षड्यंत्र रच ले, पुलिस-प्रशासन का दुरुपयोग कर ले या दबाव बनाने की कोशिश करे, कुंवर सिंह निषाद न डरा है और न कभी झुकेगा।
निषाद ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि भाजपाई अपनी नाकामी छुपाने के लिए प्रवचन देना बंद करें और सरकार में बैठे अपने मंत्रियों से कहकर गुंडरदेही क्षेत्र की बदहाल सड़कों की अविलंब मरम्मत व विकास कार्यों के लिए बजट जारी करवाएं। यदि जनता के बुनियादी अधिकारों की अनदेखी बंद नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा, जिसकी पूरी जवाबदारी शासन और प्रशासन की होगी।
रिपोर्टर
सी जी विजन टीवी चैनल बालोद गुण्डरदेही संवाददाता रूपचंद जैन की रिपोर्ट
9691605512

0 Comments