गणेश विसर्जन झांकी के मद्देनजर राजनांदगांव शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव
यातायात पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवायजरी, नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील
राजनांदगांव,
दिनांक 25.09.2026 को राजनांदगांव शहर में गणेश विसर्जन झांकी एवं दिनांक 25 एवं 26 सितंबर 2026 को गणेश प्रतिमाओं का मोहारा कुण्ड में विसर्जन किया जाना है। इस दौरान शहर में श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की बड़ी संख्या में आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस राजनांदगांव द्वारा दिनांक 25.09.2026 के दोपहर 02:00 बजे से दिनांक 26.09.2026 के सुबह 10:00 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है।
यातायात पुलिस द्वारा आम नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निम्नानुसार यातायात डायवर्सन एवं पार्किंग व्यवस्था की गई है—
फरहद चौक, ट्रांसपोर्ट नगर, मोहारा बायपास, गठुला एवं सीआईटी बायपास से राजनांदगांव शहर की ओर आने वाले सभी हल्के एवं भारी चारपहिया वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
बीजेपी कार्यालय एवं 18 एकड़ कट से वाहनों का डायवर्सन किया जाएगा। राजनांदगांव शहर से होकर खैरागढ़ की ओर जाने वाले वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।
बालोद की ओर से आने वाले वाहनों का डायवर्सन हल्दी मोड़ से किया जाएगा। वाहन चालक असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।
डोंगरगांव एवं बालोद की ओर से आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थल साइंस कॉलेज, गुजराती स्कूल एवं बख्शी स्कूल निर्धारित किए गए हैं।
तुमड़ीबोड़ एवं सुकुलदैहान की ओर से आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थल प्यारेलाल स्कूल निर्धारित किया गया है।
खैरागढ़ एवं दुर्ग की ओर से आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थल स्टेट स्कूल एवं फ्लाईओवर के नीचे निर्धारित किया गया है।
गणेश विसर्जन झांकी का मार्ग
गणेश विसर्जन झांकियां मानव मंदिर चौक में *महावीर चौक, गुरुद्वारा चौक एवं दुर्गा चौक तीनों ओर से प्रवेश कर आजाद चौक, भारत माता चौक, कामठी लाइन, सुरजन गली, रामाधीन मार्ग, तिरंगा चौक होते हुए गंज चौक की ओर जाएंगी तथा शहर से बाहर निकलेंगी।
झांकी निकलने वाले उक्त मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। आम नागरिकों से अपील है कि झांकी मार्ग पर अपने वाहनों का प्रवेश न कराएं तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्ग एवं पार्किंग स्थलों का उपयोग कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
बालोद मार्ग से आने वाले भारी वाहनों के लिए विशेष एडवायजरी
दिनांक 25.09.2026 एवं 26.09.2026 को राजनांदगांव शहर की गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन मोहारा कुण्ड / नदी में किया जाना है। विसर्जन कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए दिनांक 25.09.2026 से दिनांक 26.09.2026 की रात्रि तक बालोद की ओर से आने वाले भारी वाहनों का डायवर्सन हल्दी तिराहा से किया जाएगा।
इस अवधि में बालोद मार्ग से राजनांदगांव शहर की ओर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। संबंधित वाहन चालक निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।
यातायात पुलिस राजनांदगांव आम नागरिकों से अपील करती है कि गणेश विसर्जन कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, निर्धारित मार्गों पर वाहन खड़ा न करें तथा यातायात पुलिस द्वारा किए गए डायवर्सन एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें।

0 Comments