चेमल पुष्प स्टील माइंस में तीन मशीनों में आग, दो पर्चे छोड़कर दी धमकी
मशीनें फूंकने के बाद पांच दिन का अल्टीमेटम, दूसरे पर्चे में पेमेंट और ‘लाल सलाम जिंदाबाद’ का उल्लेख
आगजनी से माइंस क्षेत्र में दहशत, लोहत्तर पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच
दुर्गूकोदल, 6 अक्टूबर 2026। लोहत्तर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चेमल स्थित पुष्प स्टील माइंस में सोमवार देर रात अज्ञात लोगों ने काम में लगी तीन चैन माउंटेन मशीनों में आग लगा दी। घटना के बाद माइंस क्षेत्र सहित आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। आगजनी की सूचना मिलने पर पुष्प स्टील माइंस के अधिकारियों ने लोहत्तर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी रिषभ बाजपेयी के नेतृत्व में पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चेमल में पुष्प स्टील कंपनी की खदान संचालित है। यहां माइंस की ओर जाने के लिए रास्ता बनाने के कार्य में तीन चैन माउंटेन मशीनें लगी हुई थीं। बताया गया कि काम खत्म होने के बाद मशीनों को खड़ा कर उनके ऑपरेटर अपने आवास चले गए थे। मंगलवार सुबह जब ऑपरेटर दोबारा काम पर पहुंचे तो तीनों मशीनें जली हुई अवस्था में मिलीं। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना माइंस प्रबंधन को दी गई।घटनास्थल की जांच के दौरान दो पर्चे भी मिले हैं, जिनमें लाल स्याही से चेतावनी भरी बातें लिखी गई हैं। पहले पर्चे में चेमल माइंस को सही-सलामत चलाने तथा माइंस को बार-बार बंद नहीं करने की बात लिखी गई है। साथ ही पांच दिन के भीतर बात नहीं मानने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है।वहीं दूसरे पर्चे में भी कथित तौर पर चेतावनी देते हुए लिखा गया है कि “अगर हमारे बातों पर ध्यान नहीं देंगे तो सोच लें”। इसके अलावा पर्चे में पेमेंट तथा “लाल सलाम जिंदाबाद” जैसे शब्द भी लिखे होने की जानकारी सामने आई है। दोनों पर्चों की सामग्री को पुलिस ने जांच के दायरे में लिया है।
पर्चों के बाद बढ़ी कर्मचारियों की चिंता
तीन मशीनों में आगजनी और मौके पर मिले कथित धमकी भरे पर्चों के बाद माइंस में काम करने वाले कर्मचारियों में भय का माहौल है। माइंस प्रबंधन भी घटना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गया है। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों, आवाजाही और घटना से जुड़े संभावित लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
चेमल क्षेत्र में खनन गतिविधियों को लेकर पूर्व में भी विरोध की घटनाएं सामने आती रही हैं। इस वजह से पुलिस घटना को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न संभावनाओं पर जांच कर रही है। हालांकि, मौके पर मिले पर्चों में माइंस को बार-बार बंद नहीं करने और भुगतान से संबंधित बातें लिखे होने के कारण जांच का दायरा विभिन्न पहलुओं तक रखा गया है।
पुलिस बोली—सभी पहलुओं पर जांच जारी
लोहत्तर थाना प्रभारी रिषभ बाजपेयी ने बताया कि अज्ञात लोगों द्वारा तीन मशीनों में आग लगाए जाने की सूचना मिली है। घटनास्थल से दो पर्चे भी मिले हैं। माइंस अधिकारियों की सूचना के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पर्चों में लिखी बातों सहित घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आगजनी में शामिल लोगों की पहचान और घटना के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पुलिस आवश्यक जानकारी जुटा रही है।
.jpeg)


0 Comments