Ticker

6/recent/ticker-posts

**राज्योत्सव में गरिमा के ग्रामीण उत्पादों की संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने की सराहना**

 





**बिलासपुर/ *कोटा* छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिस ग्राउंड, बिलासपुर में आयोजित राज्योत्सव मेले में *संगम महिला बहुउद्देशीय सहकारी समिति मर्यादित, करहीकछार* की पहल **गरिमा (ग्रामीण आत्मनिर्भर रोजगारी मंच)** द्वारा निर्मित पारंपरिक एवं प्राकृतिक उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। बिलासपुर संभाग के संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने गरिमा के स्टॉल का अवलोकन कर उत्पादों की गुणवत्ता, विविधता और ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।


इस पहल को आगे बढ़ाने में सहकारिता विभाग का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। विशेष रूप से कोटा के सहकारिता मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दुर्गेश साहू का मार्गदर्शन एवं सहयोग उल्लेखनीय रहा।



गरिमा के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के समूहों द्वारा विभिन्न उत्पादन एवं प्रसंस्करण इकाइयाँ संचालित की जा रही हैं। इनमें करहीकछार में मिलेट प्रसंस्करण एवं सैनिटरी पैड निर्माण, सेमरिया में मिलेट बिस्किट, बैगापारा में पैकेजिंग, कोरीपारा में मसाला, सराईपाली में दाल प्रसंस्करण, मानपुर में तेल उत्पादन तथा जमुनाही में सौर ऊर्जा आधारित मिलेट बिस्किट निर्माण इकाई शामिल हैं। इन इकाइयों के माध्यम से स्थानीय कृषि उपज का मूल्य संवर्धन कर बाजार तक पहुँचाया जा रहा है।


बदलती जीवनशैली और फास्ट फूड तथा अत्यधिक प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों के बढ़ते सेवन के बीच संतुलित एवं पौष्टिक भोजन को बढ़ावा देना आज महत्वपूर्ण है। कोदो, कुटकी, रागी, ज्वार और बाजरा जैसे मोटे अनाज फाइबर एवं खनिज तत्वों के अच्छे स्रोत हैं। इन्हें दैनिक भोजन में शामिल करना बेहतर पोषण और पारंपरिक खानपान को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


**गरिमा का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को रोजगार एवं आर्थिक स्वावलंबन के अवसर उपलब्ध कराने, किसानों को स्थानीय उत्पादों का बेहतर बाजार दिलाने, पारंपरिक खाद्य संस्कृति के संरक्षण तथा स्वस्थ और पोषणयुक्त भोजन को बढ़ावा देना है।** संभागायुक्त की सराहना और सहकारिता विभाग का सहयोग इस सामूहिक प्रयास को नई पहचान एवं प्रोत्साहन प्रदान करेगा।

Post a Comment

0 Comments