थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव (छ.ग.)
पुरानी रंजिश में दो युवकों पर जानलेवा हमला करने वाले 04 आरोपी गिरफ्तार, 03 अपचारी बालक भी घटना में शामिल
बांस के डंडे एवं धारदार चाकू से किया गया था जानलेवा हमला।
एक युवक के सिर एवं दूसरे युवक के सीने पर पहुंचाई गई गंभीर चोट।
थाना बसंतपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया गया पेश।
घटना में शामिल 03 अपचारी बालकों को न्यायिक रिमांड पर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
घटना में प्रयुक्त एक नग धारदार चाकू एवं एक बांस का डंडा किया गया जप्त।
आरोपियों के विरुद्ध धारा 296, 115(2), 351(2), 191 एवं 109 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध।
गिरफ्तार आरोपीगण –
1. रितेश यादव उर्फ लारो, पिता शिव यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी नंदई यादवपारा, थाना बसंतपुर, राजनांदगांव।
2. भक्त राज ढीमर, पिता स्व. ईश्वरी प्रसाद ढीमर, उम्र 26 वर्ष, निवासी चौखड़ियापारा, थाना बसंतपुर, राजनांदगांव।
3. साहिल कुरैशी, पिता ग्याशुद्दीन कुरैशी, उम्र 22 वर्ष, निवासी हाट बाजार, थाना सिटी कोतवाली, राजनांदगांव।
4. हर्ष उर्फ हर्षवर्धन राय, पिता जय कुमार राय, उम्र 19 वर्ष, निवासी कुआं चौक, राय सदर, थाना बसंतपुर, राजनांदगांव।
विवरण –
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 02.11.2026 की रात्रि लगभग 09:30 बजे प्रार्थी राजू भारती उर्फ उत्तम निवासी वार्ड क्रमांक 39, कुआं चौक नंदई, थाना बसंतपुर को सूचना मिली कि उनके पुत्र शुभम भारती एवं वरुण नायक नंदई चौक के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर रितेश यादव उर्फ लारो एवं उसके अन्य साथियों द्वारा एक राय होकर दोनों युवकों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की जा रही है।
सूचना मिलने पर प्रार्थी तत्काल मौके पर पहुंचा, जहां आरोपियों द्वारा उसके पुत्र शुभम भारती के सिर पर बांस के डंडे से जान से मारने की नीयत से हमला किया गया तथा वरुण नायक के सीने के बाईं ओर धारदार चाकू से वार किया गया। हमले में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। घटना की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 517/2026 धारा 296, 115(2), 351(2), 191 एवं 109 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई, जिस पर पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.)के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में, नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में तथा थाना प्रभारी बसंतपुर कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में थाना बसंतपुर स्टॉफ द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई।
विवेचना के दौरान घायलों का शासकीय जिला अस्पताल राजनांदगांव में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। प्रकरण में प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ एवं विवेचना के दौरान घटना में 04 बालिग आरोपियों के साथ 03 अपचारी बालकों की संलिप्तता सामने आई। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक नग धारदार चाकू एवं एक बांस का डंडा जप्त किया गया।
प्रकरण में संलिप्त चारों बालिग आरोपियों को दिनांक 03.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। वहीं, तीनों अपचारी बालकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया। प्रकरण में अन्य साक्ष्यों एवं घटना से संबंधित तथ्यों के संबंध में विवेचना जारी है।
राजनांदगांव पुलिस की अपील –
आम नागरिकों से अपील है कि आपसी विवाद एवं पुरानी रंजिश को हिंसा का रूप न दें। कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध राजनांदगांव पुलिस द्वारा सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

0 Comments