## प्रधानपाठ बैराज का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, शीघ्र मरम्मत के निर्देश
संवाददाता- मंदीप सिंह
स्थान- खैरागढ़
**खैरागढ़।** खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम लछना स्थित प्रधानपाठ बैराज का आज कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने निरीक्षण किया। उन्होंने बैराज की वर्तमान स्थिति, जल संग्रहण क्षमता और मरम्मत की जरूरतों का जायजा लिया। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति और तकनीकी पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने बैराज के नक्शे के माध्यम से जल प्रवाह के मुख्य क्षेत्रों को देखा और जल संचयन में आ रही दिक्कतों पर चर्चा की। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री वीरेंद्र कुमार मरकाम ने कलेक्टर को बताया कि बैराज का निर्माण वर्ष 2017 में पूरा हुआ था, लेकिन साल 2019 में आई बाढ़ के कारण इसके गेट क्षतिग्रस्त हो गए थे।
श्री मरकाम ने आगे बताया कि गेटों की मरम्मत के लिए 711.74 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार करके शासन को मंजूरी के लिए भेजा गया है। इस पर कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर बल्क गेट की मरम्मत विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग, दुर्ग के सहयोग से जल्द कराने के निर्देश दिए। जल संसाधन विभाग ने इस संबंध में तत्काल दूरभाष पर संबंधित विभाग से संपर्क किया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि बैराज से ज्यादा से ज्यादा ग्रामीणों को फायदा मिले और इसके पानी का इस्तेमाल सिंचाई और अन्य जरूरतों के लिए सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बैराज के आसपास के किसानों और ग्रामीणों को इससे खेती और पानी की आपूर्ति में बड़ा लाभ होगा, जिससे इलाके में कृषि उत्पादन और लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रेम कुमार पटेल, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री टंकेश्वर प्रसाद साहू और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
0 Comments