लोकेशन बालोद
संजय कुमार
नवरात्रि पर्व पर गरबा आयोजन में धार्मिक गरिमा बनाए रखने की अपील
विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी संगठन ने आयोजकों से की अपील
बालोद। आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व के अवसर पर जिले भर में होने वाले गरबा आयोजनों को लेकर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, मातृशक्ति संगठन एवं दुर्गावाहिनी बालोद जिला संगठन द्वारा एक संयुक्त अपील जारी की गई है। इसमें आयोजक समितियों से आग्रह किया गया है कि वे मां दुर्गा की आराधना के इस पवित्र पर्व को धार्मिक गरिमा और सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप ही आयोजित करें।
विहिप जिला सह मंत्री उमेश कुमार सेन ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में गरबा आयोजन में मनोरंजन की प्रवृत्ति बढ़ी है, जिससे सनातन हिंदू परंपराओं की मर्यादा प्रभावित होती दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि गरबा आयोजन का मूल उद्देश्य मां दुर्गा की भक्ति और आराधना है, न कि केवल संगीत, नृत्य या दिखावे का मंच।
उन्होंने यह भी कहा कि आयोजनों के दौरान ऐसी कोई गतिविधि न हो जिससे अश्लीलता, फूहड़ता या धार्मिक असंतुलन उत्पन्न हो। साथ ही, समिति सदस्यों से यह भी आग्रह किया गया है कि आयोजन स्थल पर अनुशासन, सुरक्षा और सांस्कृतिक शुचिता का विशेष ध्यान रखें।
नारीशक्ति की भागीदारी पर बोलते हुए मातृशक्ति व दुर्गावाहिनी की बहनों ने कहा कि नवरात्रि पर्व मातृशक्ति की उपासना का पर्व है, अतः इस आयोजन में महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए।
संघटन ने यह स्पष्ट किया है कि आयोजन में केवल वही लोग सहभागी बनें जो पर्व की पवित्रता और परंपराओं का सम्मान करते हों। आयोजकों से अपील की गई है कि वे प्रवेश की व्यवस्था, संगीत चयन, और आयोजन की रूपरेखा में भी सनातन धर्म के अनुरूप सजग रहें।
अंत में, विहिप व अन्य संगठनों ने जिले के सभी गरबा आयोजकों से अपील की है कि वे इस पर्व को भक्ति, श्रद्धा एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाएं और इसे एक आदर्श धार्मिक आयोजन के रूप में प्रस्तुत करें।

0 Comments