Ticker

6/recent/ticker-posts

Durgkondal: दुर्गूकोंदल में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन,रक्तदान शिविर में बीएसएफ के 27 जवानों ने किया रक्तदान

 दुर्गूकोंदल में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन,रक्तदान शिविर में बीएसएफ के 27 जवानों ने किया रक्तदान



दुर्गूकोंदल। छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के उपलक्ष्य में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गकोंडल में शुक्रवार को भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 178 वी वाहिनी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 27 जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।शिविर का सफल आयोजन 178 वी वाहिनी बीएसएफ के समादेष्टा श्री रवि भूषण के मार्गदर्शन और नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी श्री जे.आर. कुजूर, श्री शैलेंद्र शर्मा, उप समादेष्टा श्री नागमणि सिंह और सहायक समादेष्टा डॉ. रवि कुमार की विशेष उपस्थिति रही।इस अवसर पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनोज किशोरे और डॉ. हेमंत कश्यप ने अपने स्टाफ सहित सक्रिय भागीदारी निभाई। शिविर को सफल बनाने में स्थानीय स्वास्थ्यकर्मियों के साथ-साथ कांगलु कुम्भार शासकीय महाविद्यालय दुर्गकोंदल के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और रक्तदान की इस महाअभियान को नई ऊँचाई दी।शिविर में उपस्थित बीएसएफ समादेष्टा श्री रवि भूषण ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “रक्तदान एक महादान है। यह ऐसा पुण्य कार्य है जिससे अनगिनत जिंदगियाँ बचाई जा सकती हैं। समाज का हर वर्ग यदि इसमें सक्रिय भाग ले, तो न केवल जरूरतमंदों की मदद होगी बल्कि मानवता की सेवा भी होगी।शिविर के दौरान रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम में कुल मिलाकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, विद्यार्थी और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। रक्तदान के बाद सभी दाताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।ग्रामीणों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने भी बीएसएफ जवानों की इस सराहनीय पहल की जमकर प्रशंसा की और कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज में जागरूकता बढ़ती है तथा युवाओं में भी सेवा भाव का संचार होता है।

Post a Comment

0 Comments