Cgvtv संवाददाता की रिपोर्ट.....
कोरबा। फादर हर्मन बाखर की 101वीं जयंती के अवसर पर वाटरसेड ऑर्गनाइजेशन ट्रस्ट (WOTR) की निरांजली परियोजना अंतर्गत ग्राम धौरामुड़ा (पंचायत पोंडिकला, जिला कोरबा) में श्रमदान दिवस का आयोजन बड़े उत्साह और सामुदायिक भावना के साथ किया गया।
कार्यक्रम में कुल 45 ग्रामीणों ने भाग लिया, जिनमें 33 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल रहीं। ग्रामीणों ने मिलकर कंटीन्यूस कंटूर ट्रेंच (CCT) निर्माण कार्य को श्रमदान के माध्यम से पूरा किया, जिससे लगभग 5.47 घन मीटर कार्य संपन्न हुआ। यह प्रयास ग्राम में मृदा एवं जल संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हुआ।
इस अवसर पर जनपद सदस्य श्री आनंद अयाम, WOTR के कर्मचारी तकनीकी सहायक नवीन बनकर एवं दीपक गोस्वामी उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों का उत्साहवर्धन करते हुए श्रमदान को सतत विकास की सशक्त नींव बताया।
ग्रामीणों को दो समूहों में विभाजित कर कार्य के संचालन को सुचारू बनाया गया। सभी ने एकजुट होकर श्रमदान की मिसाल पेश की, जिससे एकता, सहयोग और निःस्वार्थ सेवा भावना का संदेश प्रसारित हुआ।
यह आयोजन “भारत में वाटरशेड विकास के जनक” फादर हर्मन बाखर को समर्पित रहा — जिनकी प्रेरणा से देशभर में जल-संरक्षण और ग्रामीण विकास के अनेक उदाहरण स्थापित हुए हैं।
निरांजली परियोजना के तहत ऐसे श्रमदान कार्यक्रम न केवल प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में योगदान दे रहे हैं, बल्कि ग्रामीण समुदायों को आत्मनिर्भर और पर्यावरण-सचेत बना रहे हैं।





0 Comments