लोकेशन बालोद
संजय कुमार
जिले में गन्ना क्षेत्र विस्तार को गति, कलेक्टर ने दिए समन्वित प्रयास के निर्देश
किसानों को ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर गन्ना फसल लेने किया जाएगा प्रोत्साहित
बालोद, 03 दिसंबर 2025।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले में गन्ना क्षेत्र के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि गांव-गांव कृषक चौपाल लगाकर किसानों को ग्रीष्मकालीन धान की जगह गन्ना फसल लेने के लिए प्रेरित किया जाए।
कलेक्टर ने बताया कि गन्ना फसल में पानी की खपत अन्य फसलों की तुलना में कम होती है, जबकि मुनाफा अधिक मिलता है। इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन गन्ना क्षेत्र विस्तार की पहल को मजबूत कर रहा है। किसानों को गन्ना खेती के लिए प्रोत्साहित करने गन्ना बीज पर 90 प्रतिशत अनुदान तथा खेत तैयारी व रोपण के बाद प्रति एकड़ 2 हजार रुपये (प्रति हेक्टेयर 5 हजार रुपये) की सहायता प्रदान की जा रही है।
इसके अतिरिक्त सहकारी शक्कर कारखाना करकाभाट के ग्रीन हाउस से किसानों को मात्र एक रुपये प्रति पौधा की दर पर पौध उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही कारखाना द्वारा ट्रैक्टर और आधुनिक कृषि यंत्र भी न्यूनतम किराए पर किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि पेराई सत्र 2026-27 के लिए 1 हजार हेक्टेयर में नया गन्ना क्षेत्र विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बैठक में उन्होंने गन्ना क्षेत्र सहायकों से अब तक प्राप्त सहमतियों एवं अनुबंधों की क्षेत्रवार जानकारी भी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी-कर्मचारी गांवों में जाकर कृषक चौपाल आयोजित करें और गन्ना फसल के लाभ तथा प्रशासन द्वारा दी जा रही सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी किसानों तक पहुंचाएं। कलेक्टर ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों के संयुक्त प्रयास से जिले में गन्ना विस्तार का लक्ष्य समय पर पूरा किया जाएगा।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री आर.पी. राठिया, कृषि विभाग के उप संचालक श्री आशीष चंद्राकर, सहायक संचालक श्री सूर्य नारायण ताम्रकार सहित कृषि विभाग के एसएडीओ, आरएईओ और गन्ना क्षेत्र सहायक उपस्थित थे।

0 Comments