*धान खरीदी केंद्र पर टोकन सीमा बढ़ाने की मांग*
दुर्गूकोंदल 3 दिसंबर 2025 ।दुर्गकोंदल के धान खरीदी केंद्र में किसानों ने टोकन की दैनिक सीमा 400 क्विंटल से बढ़ाकर 3000 क्विंटल करने की मांग करते हुए तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा । किसानों का कहना है कि उनकी धान की फसल 100% कटाई और मिजाई हो चुकी है, लेकिन धान खरीदी केंद्र पर टोकन की कम सीमा के कारण भारी भीड़ और अव्यवस्था का माहौल है।दुर्गकोंदल खरीदी केंद्र में 1364 पंजीकृत किसान हैं, लेकिन प्रतिदिन केवल 400 क्विंटल धान की खरीदी का टोकन दिया जा रहा है,अधिकतम टोकन के लिए किसानों की भारी भीड़ जमा हो जाती है, जिसके कारण कर्मचारियों के साथ हमेशा विवाद होता रहता है।कम टोकन मिलने के कारण किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या का निराकरण 3 दिनों के भीतर नहीं किया गया, तो समस्त किसान आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जवाबदेही शासन-प्रशासन की होगी।ज्ञापन सौंपने वालों में विनय,दीपक कल्लो,मुकेश गावड़े,नंदकुमार ,संजय सरकार,रमेश नेताम,अमन ,जितेश नाग,देवेंद्र नाग आदि शामिल थे ।

0 Comments