Ticker

6/recent/ticker-posts

Khairagarh: छत्तीसगढ़ में बेखौफ शिकारी: तेंदुए की निर्मम हत्या, वन विभाग पर सवाल

 छत्तीसगढ़ में बेखौफ शिकारी: तेंदुए की निर्मम हत्या, वन विभाग पर सवाल


संवाददाता - मंदीप सिंह चौरे 

स्थान - खैरागढ़ 




छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-डोंगरगढ़ अंचल के जंगलों में जैव विविधता लगातार खतरे में है, जिसका ताजा उदाहरण वन ग्राम बनबोड़ क्षेत्र से सामने आया है। यहां एक वयस्क तेंदुए की निर्मम हत्या कर दी गई है। यह मामला सीधे तौर पर वन विभाग की ढीली निगरानी व्यवस्था और संगठित अवैध शिकार की ओर इशारा करता है, क्योंकि शिकारियों ने तेंदुए के पंजे, नाखून और जबड़े के दांत काटकर ले गए।


सोमवार सुबह खैरागढ़ वनमंडल के कोपेनवागांव-मुढ़ीपार क्षेत्र में राजस्व भूमि पर तेंदुए का शव संदिग्ध अवस्था में पाया गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तेंदुए के चारों पैरों के नाखून और जबड़ा गायब थे। घटनास्थल पर खून के धब्बे मिलने से यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को यहां फेंका गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल को सील कर दिया गया है और डॉग स्क्वायड को जांच में शामिल किया गया है। वन विभाग ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और वन्यजीव संरक्षण नियमों के तहत पोस्टमार्टम कराया गया है। वन परिक्षेत्राधिकारी आर.के. टंडन ने जांच के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस घटना से स्थानीय ग्रामीणों और वन्यजीव प्रेमियों में भारी आक्रोश है, जिन्होंने जंगलों में स्थायी निगरानी तंत्र की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments