सड़क सुरक्षा माह,बाजारों और चौराहों पर उतरी केसीजी पुलिस, नागरिकों को सिखाए सुरक्षित सफर के कायदे
संवाददाता - मंदीप सिंह चौरे
स्थान - खैरागढ़
खैरागढ़: जिला पुलिस केसीजी द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरूकता अभियान अब गति पकड़ने लगा है। अभियान के चौथे दिन रविवार को पुलिस की टीम ने जिले के व्यस्ततम हाट-बाजारों और चौक-चौराहों पर मोर्चा संभाला। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों और वाहन चालकों के बीच पहुंचकर उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
सड़क सुरक्षा माह के तहत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में पुलिस ने बैनर और पोस्टर के माध्यम से लोगों को यह समझाया कि हेलमेट और सीटबेल्ट केवल दिखावे के लिए नहीं, बल्कि जीवन बचाने के लिए जरूरी हैं। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन चालकों को सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की समझाइश दी गई। इसके साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाने और यातायात के संकेतों का पालन करने की हिदायत दी गई ताकि सड़कों पर बढ़ते हादसों को रोका जा सके।
गौरतलब है कि यह जन जागरूकता अभियान 1 जनवरी से शुरू होकर पूरे माह यानी 31 जनवरी तक व्यापक स्तर पर जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को सुरक्षित यातायात के प्रति संवेदनशील बनाना है। आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविरों का आयोजन कर लोगों को नियमों के प्रति प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि सड़क सुरक्षा एक जन आंदोलन का रूप ले सके।






0 Comments