महेंद्रपुर में सोलर पंप खराब, 10 दिनों से पानी के लिए तरस रहे ग्रामीण
बोरिंग पर निर्भर ग्रामीण, हैंडपंप भी दे रहा कम पानी
दुर्गूकोंदल। दुर्गूकोंदल विकासखंड के ग्राम महेंद्रपुर में पिछले 10 दिनों से सोलर पंप खराब होने के कारण ग्रामीणों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। सोलर पंप के ठप होने से गांव में पीने के पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। पानी के लिए ग्रामीणों को अब बोरिंग पर निर्भर रहना पड़ रहा है। वहीं गांव में लगा हैंडपंप भी पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहा है, जिससे लोगों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं। गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत ने ग्रामीणों की परेशानी को दोगुना कर दिया है। ग्रामीण रजेसिंह जैन, कलेश जैन, धन्नूलाल जैन और ओमप्रकाश ने बताया कि गांव में पीने योग्य पानी का कोई दूसरा विकल्प उपलब्ध नहीं है। सोलर पंप ही गांव की पेयजल व्यवस्था का मुख्य स्रोत था, लेकिन उसके खराब होने से पूरा गांव प्रभावित है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सोलर पंप की मरम्मत कर पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो गांव में पेयजल संकट और गहरा सकता है।

0 Comments