Cgvtv संवाददाता राम प्रताप सिंह की रिपोर्ट....
बेलगहना/कुरवार ग्राम में शिक्षा के प्रति उत्साह और जनसहभागिता का सुंदर उदाहरण देखने को मिला, जहाँ जनपद सदस्य रोहणी नेतू यादव, ग्राम सरपंच कुरवार, पालकगण, शाला के समस्त शिक्षक एवं ग्रामवासियों की गरिमामयी उपस्थिति में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन बड़े ही धूमधाम एवं उत्साहपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों के स्वागत एवं विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों के अभिनंदन के साथ हुई। इस अवसर पर शिक्षा के महत्व, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और नियमित अध्ययन को लेकर प्रेरणादायक बातें साझा की गईं।
उत्सव के दौरान विद्यार्थियों को नई पुस्तकों का वितरण किया गया, जिससे बच्चों में नई ऊर्जा और पढ़ाई के प्रति उत्साह देखने को मिला। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पालकों ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में शाला परिवार एवं ग्रामवासियों ने शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में उत्साह, अपनापन और शिक्षा के प्रति जागरूकता का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया गया।



0 Comments