बालोद
लोकेशन- गुण्डरदेही
तारीख 06/07/26
हल्की बारिश में ही जलमग्न हुआ गोरकापार–सिरसिदा अंडरब्रिज, कार फंसी, बड़ा हादसा टला
गुण्डरदेही। गोरकापार से सिरसिदा जाने वाले मार्ग पर स्थित अंडरब्रिज एक बार फिर विवादों में आ गया है। हल्की बारिश के बाद ही अंडरब्रिज में भारी मात्रा में पानी भर जाने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि यह अंडरब्रिज सुविधा देने के बजाय परेशानी का कारण बन गया है।
बताया जा रहा है कि शनिवार और रविवार को हुई बारिश के बाद अंडरब्रिज में करीब 5 फीट तक पानी भर गया, जिससे यह किसी तालाब जैसा नजर आने लगा। इसी दौरान एक परिवार अनजाने में अंडरब्रिज पार करने के लिए अपनी कार लेकर पानी में उतर गया। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण कार कुछ दूर जाते ही आधी डूब गई।
हालांकि समय रहते कार में सवार बच्चों और महिलाओं सहित सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि थोड़ी भी देर हो जाती तो गंभीर जनहानि हो सकती थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब अंडरब्रिज में पानी भरा हो। इससे पहले भी कई बार बारिश के दौरान यह मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लोगों का आरोप है कि अंडरब्रिज के निर्माण और जल निकासी व्यवस्था में गंभीर खामियां हैं, जिसके कारण हर बारिश में यह स्थिति बन जाती है।
ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि अंडरब्रिज की जल निकासी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
रिपोर्टर
सी जी विजन टीवी चैनल बालोद गुण्डरदेही संवाददाता रूपचंद जैन की रिपोर्ट
9691605512

0 Comments