अध्यक्ष धरम सिंह की शिकायतें अनसुनी, पार्षद ने मांगा इस्तीफा
बलरामपुर। के राजपुर नगर पंचायत के पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह की कार्यप्रणाली और उनकी शिकायतों पर हो रही अनदेखी को लेकर तीखा हमला बोला है। पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता का आरोप है कि केंद्र, प्रदेश और नगर पंचायत में एक ही दल की 'ट्रिपल इंजन' सरकार होने के बावजूद राजपुर में विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था की बदहाली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उनका कहना है कि अध्यक्ष द्वारा की गई विभिन्न शिकायतों को न तो प्रशासनिक अधिकारी गंभीरता से ले रहे हैं और न ही उनके अपने दल के जनप्रतिनिधि कोई अपेक्षित पहल कर रहे हैं।
पार्षद ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि नगर पंचायत में स्ट्रीट लाइट की खरीद, सीएमओ पर लगे डीजल चोरी के आरोप और परिषद बैठक पंजी में कथित हेराफेरी (कूटरचना) कर प्रतीक्षा बस स्टैंड से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से जुड़े संवेदनशील मामलों में खुद अध्यक्ष धरम सिंह द्वारा शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। इन मामलों में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। पार्षद का दावा है कि डीजल चोरी के मामले में आरोप प्रमाणित होने के बाद भी संबंधित सीएमओ के खिलाफ प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता ने कहा कि जब खुद नगर पंचायत अध्यक्ष की शिकायतों पर ही कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है, तो यह 'ट्रिपल इंजन सरकार' के बड़े दावों पर गंभीर सवाल उठाता है और इससे प्रशासनिक अधिकारियों के सामने अध्यक्ष बेहद बौने नजर आ रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि यदि नगर पंचायत अध्यक्ष अपने ही कार्यकाल में अपनी शिकायतों का समाधान कराने में नाकाम साबित हो रहे हैं, तो उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

0 Comments