रीवागहन में मनाया गया विश्व स्तनपान सप्ताह
प्रतिवर्ष 1 से 7 अगस्त के दौरान विश्व स्तनपान सप्ताह का आयोजन किया जाता है। विश्व स्तनपान सप्ताह आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में स्तनपान के प्रति जागरूकता फैलाना और माताओं को समर्थन प्रदान करना है। विशेष रूप से प्रसव के बाद पहले छः महीनों के दौरान सहायता प्रदान करना, शून्य से छः माह के शिशुओं में अनन्य स्तनपान की उपलब्धता बढ़ाने और शिशुओं तथा छोटे बच्चों के पोषण संबंधी परिणामों में सुधार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। मां का दूध केवल भोजन नहीं है बल्कि यह पहली प्राकृतिक टीका है जो शिशु के मस्तिष्क को मजबूत बनाता है और उसे मानसिक व बौद्धिक रूप से विकसित करने के साथ संपूर्ण पोषण देता है। दिनांक 1 से 7 अगस्त 2026 विश्व स्तनपान सप्ताह हेतु इस वर्ष का थीम " जीवन की सतत शुरुआत के लिए स्तनपान : कारगर उपायों को सुदृढ़ बनाना" निर्धारित किया गया है। इसी तारतम्य में विकासखंड डोंगरगांव के आंगनबाड़ी केंद्र रीवागहन में विश्व स्तनपान सप्ताह का आयोजन किया गया। शिशुवती माताओं को स्तनपान के महत्व के विषय में जागरूक किया गया। आयोजन के दौरान गर्भवती माताओं का गोद भराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन भी किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती दीपक डोमन पटेल, जनपद सदस्य रुदगांव ने माताओं तथा बहनों को प्रथम छः माह तक शिशु को अनन्य स्तनपान कराने हेतु प्रेरित किया। श्री डोमन पटेल, महामंत्री पिछड़ा वर्ग मोर्चा, श्री गोविंद राम पटेल, ग्राम पटेल रीवागहन, श्री अशोक कुमार हिरवानी, सेवानिवृत्त व्याख्याता, श्री गंगाप्रसाद साहू, सचिव ग्राम पंचायत रीवागहन, श्री भालचंद्र साहू तथा अन्य गणमान्य जनों की गरिमामय उपस्थिति रही। परियोजना अधिकारी डॉ वीरेन्द्र साहू ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए समस्त अतिथियों, माताओं-बहनों, ग्रामवासियों, सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती बेबी गीतांजली दीवान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती नेमेश्वरी टांडेकर, श्रीमती कांति यादव तथा सहायिकाओं का आभार व्यक्त किया।


0 Comments