बलरामपुर में गाय काटकर मांस खाने के आरोप में 9 गिरफ्तार
बलरामपुर। जिले के चलगली थाना अंतर्गत रनहत पुलिस चौकी क्षेत्र में गौकशी का गंभीर मामला सामने आया है। चरने के दौरान जंगल में भटकी गाय को मारकर उसका मांस पकाने और खाने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चंदौरा निवासी प्रार्थी सुदन हड्डे (55 वर्ष) की लाल रंग की गाय 23 सितंबर को जंगल में चरने के दौरान छूट गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब गाय का पता नहीं चला, तो 24 सितंबर को गांव के ही धर्मजीत अगरिया के निर्माणाधीन शौचालय के सोखता गड्ढे में गाय के चारों कटे हुए पैर मिले।
इसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गई, जहां संदेह के आधार पर पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने गाय को मारकर उसका मांस खा लिया है।
मामले की सूचना मिलते ही रनहत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर सभी 9 आरोपियों को उनके निवास स्थान से धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS)
की धारा 325, 3(5) एवं छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नामः
1. राजेश कुम्हरिया (निवासी भगवानपुर, हाल चंदौरा)
2. प्रदीप चरगट (ग्राम चंदौरा)
3. धर्मजीत अगरिया (ग्राम चंदौरा)
4. रविशंकर (ग्राम चंदौरा)
5. अमरसाय (ग्राम चंदौरा)
6. नघुराम (ग्राम चंदौरा)
7. कोमला (ग्राम चंदौरा)
8. फुलबसिया (ग्राम चंदौरा)
9. रेशमा उर्फ हुगली (ग्राम चंदौरा)
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

0 Comments