*आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिनों का हुआ सम्मान, बच्चों को किया गया पुरस्कृत*
बेलगहना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत कोटा विकासखंड के बेलगहना तहसील क्षेत्र में विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्राम केकराडीह एवं सत्तीबहरा में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ग्राम केकराडीह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी गोविंद यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सचिव सोनू निर्गुण, उपसरपंच प्रतिनिधि रावंटी पटेल, शिक्षक आर.एल. चंद्रा, अजय डहरिया, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सुनीता श्याम, मीना साहू, सहायिका एवं ग्राम की मातृशक्ति की उपस्थिति रही।
वहीं, ग्राम सत्तीबहरा में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रमेश राठौर तथा मुख्य वक्ता के रूप में राम प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया गया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों एवं स्वस्थ बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में शिशु का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से महिला एवं बाल विकास, पोषण, स्वास्थ्य तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मातृशक्ति, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।





0 Comments