एलआईसी एजेंट द्वारा पॉलिसी धारक के पते के स्थान पर अपना पता दर्ज कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
थाना बसंतपुर, राजनांदगांव पुलिस की प्रभावी कार्यवाही।
आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से पॉलिसी धारक के पते के स्थान पर अपना पता दर्ज कर लगभग ₹6,39,571/- की धोखाधड़ी की।
एलआईसी कार्यालय में जानकारी लेने पर पॉलिसी धारक को धोखाधड़ी का पता चला।
आरोपी ने पुरानी पॉलिसियों को नियमित न कराकर नई पॉलिसियों में अपना पता दर्ज कराया।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी –
देवेन्द्र सोनकर, पिता झुन्नू लाल सोनकर, उम्र 45 वर्ष, निवासी श्रीराम होटल के पास, ग्राम पनेका, हाल मुकाम इंदिरा नगर, पानी टंकी के पास, राजनांदगांव, थाना बसंतपुर।
मामले का संक्षिप्त विवरण
आवेदक मुकेश सोनकर द्वारा थाना बसंतपुर में शिकायत दर्ज कराई गई कि उसने अपने एवं परिवार के सदस्यों के नाम से एलआईसी एजेंट देवेन्द्र सोनकर के माध्यम से विभिन्न बीमा पॉलिसियां ली थीं। दिनांक 07 अप्रैल 2026 को एलआईसी कार्यालय में जानकारी लेने पर उसे ज्ञात हुआ कि आरोपी एजेंट द्वारा पॉलिसी धारकों के पते के स्थान पर अपना पता दर्ज कर नई पॉलिसियां खुलवाई गईं तथा पुरानी पॉलिसियों को नियमित नहीं कराया गया।
इस कारण कई पॉलिसियां लैप्स हो गईं, जिससे पॉलिसी धारक को लगभग ₹6,39,571/- का आर्थिक नुकसान हुआ।
मामले की जांच उपरांत आरोपी देवेन्द्र सोनकर के विरुद्ध थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 409/2026, धारा 318(4), 316(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस की कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में पेश किया गया।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, उप निरीक्षक नरेश सार्वा, आरक्षक कीर्तन अहीर एवं कृष्णा ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही।

0 Comments