Ticker

6/recent/ticker-posts

DURGKONDAL: प्रधानपाठक पर शराब सेवन की शिकायत की जांच, दंडात्मक कार्रवाई की अनुशंसा

 प्रधानपाठक पर शराब सेवन की शिकायत की जांच, दंडात्मक कार्रवाई की अनुशंसा


ग्रामवासियों की शिकायत पर शिक्षा विभाग ने लिया तत्काल संज्ञान, चिकित्सा परीक्षण में शराब सेवन की पुष्टि


दुर्गूकोदल, 7 अक्टूबर 2026। ग्राम गोड़पाल के ग्रामीणों द्वारा प्राथमिक शाला गोड़पाल के प्रधानपाठक हेमलाल कोमा के विरुद्ध शराब सेवन संबंधी शिकायत एवं वीडियो उपलब्ध कराए जाने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच की। जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने के बाद संबंधित प्रधानपाठक के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।जानकारी के अनुसार ग्राम गोड़पाल के ग्रामीणों ने तरहूल शिविर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानपाठक हेमलाल कोमा के खिलाफ शिकायत प्रस्तुत की थी। ग्रामीणों द्वारा प्रधानपाठक के शराब सेवन से संबंधित वीडियो भी प्रस्तुत किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी विप्लव कुमार सिंह डे ने तत्काल संज्ञान लिया और शिविर स्थल से ही ग्राम गोड़पाल पहुंचकर ग्रामीणों के साथ बैठक की।बैठक के दौरान ग्रामीणों से शिकायत के संबंध में जानकारी ली गई। जांच में ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए जाने के बाद संबंधित प्रधानपाठक को थाना कोड़ेकुर्से ले जाया गया। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गूकोदल में उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। चिकित्सा परीक्षण में शराब सेवन की पुष्टि होने की बात सामने आई।मामले में शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत ग्रामीणों एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों के बयान, विद्यार्थियों के कथन तथा संबंधित संकुल प्राचार्य के बयान दर्ज किए गए। जांच से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज एकत्रित किए गए हैं।खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से उपलब्ध दस्तावेजों, जांच प्रतिवेदन एवं संबंधित पक्षों के बयानों के आधार पर प्रधानपाठक हेमलाल कोमा के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की अनुशंसा करते हुए समस्त दस्तावेज जिला शिक्षा अधिकारी को भेजे गए हैं।शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद विद्यालय में शिक्षकों की कार्यप्रणाली एवं अनुशासन को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। विभागीय अधिकारियों ने विद्यालयों में शिक्षकों से अनुशासन एवं मर्यादा बनाए रखने तथा विद्यार्थियों के हित में जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने की अपेक्षा की है।

Post a Comment

0 Comments