सरपंच रेखा नोहर सिन्हा की पहल पर बूढ़ान छापर में गांधी जयंती पर विशेष ग्राम सभा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की दी गई विस्तृत जानकारी, सोलर पैनल लगवाने वाले एवं नए पंजीयन कराने वाले हितग्राहियों का उपहार देकर किया गया सम्मान
आज ग्राम पंचायत बूढ़ान छापर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर सरपंच रेखा नोहर सिन्हा की पहल पर विशेष ग्राम सभा के साथ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामवासियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत सदस्य एवं सभापति श्री थनवार मंडावी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए गांधी जी के विचारों, ग्राम विकास, स्वच्छता, शिक्षा एवं जनभागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया।
इस अवसर पर पंचगण, शिक्षकगण, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम में उत्साह और जनभागीदारी का वातावरण बना रहा।
पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के संबंध में ग्रामीणों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। योजना के लाभ, सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया तथा सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली की बचत एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
सोलर पैनल लगवाने वाले ग्रामवासियों अश्वनी साहू, शंभू नेताम, मिश्री सिन्हा, आशाराम सिन्हा, अमृत सोरी, रूपेंद्र कोर्राम एवं नोहर सिन्हा को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, योजना पर विश्वास जताते हुए नए रजिस्ट्रेशन कराने वाले संतु कोर्राम, धनीराम, रामलाल, माखन एवं कार्तिक राम को भी उपहार देकर सम्मानित किया गया।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और उमंग से भर गया।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम पंचायत ने ग्रामीणों को स्वच्छ ऊर्जा अपनाने, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
विनीत — ग्राम पंचायत बूढ़ान छापर
जनपद पंचायत डोंगरगढ़
.jpeg)

0 Comments