Ticker

6/recent/ticker-posts

BALOD: गुंडरदेही में क्रिएटर-इन्फ्लुएंसर और पत्रकारों का भव्य सम्मान, समाजसेवी जसवंत सिन्हा ने दिया प्रतिभाओं को मंच

 बालोद 

लोकेशन -गुण्डरदेही 

तारीख 28/11/26


गुंडरदेही में क्रिएटर-इन्फ्लुएंसर और पत्रकारों का भव्य सम्मान, समाजसेवी जसवंत सिन्हा ने दिया प्रतिभाओं को मंच


गुंडरदेही। बालोद जिले के कोने-कोने से अपनी प्रतिभा के दम पर पहचान बना रहे कंटेंट क्रिएटर और इन्फ्लुएंसरों का समाजसेवी जसवंत सिन्हा, मंडलेश्वर सिन्हा समाज अर्जुन्दा की ओर से सम्मान किया गया। गुंडरदेही धमतरी चौक के पास स्थित सिन्हा निवास में बेस्ट क्रिएटिव वीडियो अवॉर्ड-2026 कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में कंटेंट क्रिएटर, इन्फ्लुएंसर और पत्रकार शामिल हुए।



कार्यक्रम का उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से अपने क्षेत्र, छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और स्थानीय प्रतिभाओं को लोगों तक पहुंचाने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए मंच उपलब्ध कराना रहा।


आज सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने और अपने क्षेत्र की संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। बालोद जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कई क्रिएटर लगातार वीडियो और फोटो के माध्यम से स्थानीय कार्यक्रमों, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों को लोगों तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। इन्हीं प्रतिभाओं को सम्मान देने के लिए यह आयोजन किया गया।



पत्रकारों का भी हुआ सम्मान


कार्यक्रम में क्षेत्र के पत्रकारों का भी सम्मान किया गया। पत्रकारों द्वारा अपनी लेखनी और रिपोर्टिंग के माध्यम से समाज की समस्याओं को सामने लाने, लोगों को जागरूक करने और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के योगदान को देखते हुए उन्हें मंच पर सम्मानित किया गया।


युवाओं को दिया मेहनत और नशामुक्ति का संदेश


समाजसेवी जसवंत सिन्हा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए शुरुआत जीरो से करनी चाहिए। मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास से यही जीरो एक दिन बड़ी सफलता की पहचान बन सकता है।


उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि अगर नशा करना ही है तो सुबह जल्दी उठने, समाज सेवा करने, स्किल डेवलपमेंट करने, पढ़ाई-लिखाई करने, मेहनत करने और आगे बढ़ने का नशा करें।


पटपर झांकी के क्रिएटरों को भी मिला सम्मान


कार्यक्रम में पटपर झांकी के दौरान शानदार वीडियो बनाने वाले क्रिएटरों को भी सम्मानित किया गया। पटपर झांकी में काली माता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाने वाले सूरज निषाद को शानदार वीडियो के लिए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं शिवांग ने दूसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा बालोद जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे अन्य क्रिएटर और इन्फ्लुएंसरों का भी सम्मान किया गया।


आगे इससे भी बड़ा आयोजन करने की घोषणा


कार्यक्रम के दौरान जसवंत सिन्हा ने कहा कि कुछ क्रिएटर और पत्रकार जानकारी के अभाव या अन्य कारणों से इस आयोजन में शामिल नहीं हो पाए। ऐसे सभी लोगों को आने वाले समय में जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।


उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इससे भी बड़ा और भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिलेभर के कंटेंट क्रिएटर, इन्फ्लुएंसर और पत्रकारों को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और आगे बढ़ने के लिए बड़ा मंच उपलब्ध कराया जाएगा।


ये पत्रकार रहे मौजूद


कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ एवं पत्रकारों में सुनील शर्मा, भारत साहू, राजू मिश्रा, तिलक देशमुख, के.पी. चंद्राकर, तरुण साहू, पुनीत सेन, अजय देशमुख, भूपेंद्र देशमुख, करण सोनी, दीपचंद यादव, यूकेश चंद्राकर, कादिर मंसूरी, भानु साहू, रूप चंद जैन, पूर्णिमा देशमुख, सपना माधवानी, चंदन पटेल और कौशल खान सहित अन्य पत्रकार एवं क्रिएटर मौजूद रहे।


गुंडरदेही में आयोजित यह सम्मान समारोह जिले के कंटेंट क्रिएटर, इन्फ्लुएंसर और पत्रकारों के लिए प्रोत्साहन का मंच बना। कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और छत्तीसगढ़ की संस्कृति एवं क्षेत्र की गतिविधियों को डिजिटल माध्यम से व्यापक स्तर तक पहुंचाने के प्रयास को बढ़ावा मिला।



रिपोर्टर 

सी जी विजन टीवी चैनल बालोद गुण्डरदेही संवाददाता रूपचंद जैन की रिपोर्ट 

9691605512

Post a Comment

0 Comments