बेलगहना/कोनचरा। क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक और पहल देखने को मिली। हाईस्कूल कोनचरा में बाउंड्रीवॉल (अहाता) एवं शेड निर्माण कार्य के लिए विधिवत भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष सूरज साधेलाल भारद्वाज उपस्थित रहे। वहीं जनपद सदस्य रोहिणी नेटू यादव, सरपंच संतोषी गनपत मरावी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष सूरज साधेलाल भारद्वाज ने जनपद सदस्य रोहिणी नेटू यादव के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि की असली पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि जनता के बीच किए गए कार्यों और सेवा भाव से होती है। रोहिणी नेटू यादव अपने जनपद क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से उठाकर विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का निरंतर प्रयास कर रहे हैं। शिक्षा, जनसुविधा और जनहित से जुड़े कार्यों के प्रति उनकी सक्रियता सराहनीय है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए इसी तरह समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ काम करना आवश्यक है। जनपद सदस्य के प्रयासों से क्षेत्र में विकास की नई उम्मीदें मजबूत हो रही हैं।
वहीं उपस्थित गौशीतल पटेल ने रोहिणी नेटू यादव की प्रशंसा करते हुए कहा कि रोहिणी नेटू यादव का जनसेवा का सफर किसी पद या कुर्सी का मोहताज नहीं रहा है। जनपद सदस्य प्रतिनिधि बनने से पहले भी वे लोगों की समस्याओं में साथ खड़ी रहते थे और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। आज जनपद सदस्य के रूप में भी उनका वही सेवा भाव और सक्रियता देखने को मिल रही है। क्षेत्र में जगह-जगह हो रहे जनहित के कार्य इस बात का प्रमाण हैं कि वे केवल आश्वासन देने में नहीं, बल्कि विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में विश्वास रखती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से ही गांवों की तस्वीर बदलती है और आम जनता का विश्वास मजबूत होता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी निर्माण कार्य को विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए प्रसन्नता जाहिर की। अहाता निर्माण से विद्यालय परिसर की सुरक्षा और शेड निर्माण से विद्यार्थियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर सरपंच संतोषी गनपत मरावी, प्रवीण कोले, रामप्रसाद श्रीवास, प्रिंसिपल राकेश पैकरा, रामदेव पटेल, बहोरी ओरकेरा, बिसाहू राम, अशोक यादव, अरुण खुसरो, दिलीप यादव, बलराम यादव, संजू उइके, सुखउ राम, छवि यादव, गौशीतल पटेल, सेवतु पटेल सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



0 Comments