दुर्गूकोदल में सांसद खेल महोत्सव 2025: खिलाड़ियों का ऑनलाइन पंजीयन शुरु
दुर्गूकोदल। सांसद खेल महोत्सव 2025 के सफल आयोजन की दिशा में तैयारियां जोरों पर हैं। कांकेर जिले के समस्त विकासखंडों में खिलाड़ियों के ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया 29 अगस्त से 20 सितंबर 2025 तक संचालित की जा रही है। इस संबंध में जिला कलेक्टर कांकेर के निर्देश पर जनपद पंचायत दुर्गूकोदल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरेंद्र बंजारे ने विस्तृत जानकारी दी।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। इस महोत्सव में जूनियर वर्ग और सीनियर वर्ग के लिए विभिन्न खेलों का आयोजन होगा। प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स (100 मीटर दौड़ और लंबी कूद), कबड्डी, खो-खो, व्हॉलीबॉल, गेड़ी दौड़, गिल्ली-डंडा और रस्साकसी जैसे पारंपरिक एवं आधुनिक खेल शामिल किए गए हैं।सीईओ श्री बंजारे ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक खिलाड़ी के लिए पंजीयन अनिवार्य है।प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु खिलाड़ियों को आयु वर्ग अनुसार वर्गीकृत किया गया है18 वर्ष तक (बालक-बालिका), 18 से 40 वर्ष तक (महिला-पुरुष) और 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग (महिला-पुरुष)। सभी आयु वर्गों से प्रतिभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।पंजीयन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और बिना पंजीयन किसी भी खिलाड़ी को प्रतियोगिता में सम्मिलित नहीं किया जाएगा। पंजीयन के समय खिलाड़ियों को आधार कार्ड या वोटर आईडी कार्ड के साथ स्वयं का बैंक खाता विवरण (नाम, पता, पिता का नाम, खाता संख्या एवं आईएफएससी कोड) की छायाप्रति प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।उन्होंने यह भी बताया कि पंजीयन अधिक से अधिक संख्या में कराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है, जिससे इच्छुक खिलाड़ी आसानी से प्रक्रिया पूरी कर सकें। ऑनलाइन पंजीयन की मॉनिटरिंग और सूची तैयार कर विकासखंड समिति को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी जिला खेल अधिकारी को सौंपी गई है।
पंजीयन फार्म के आधार पर ही खिलाड़ियों की भागीदारी विकासखंड और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में सुनिश्चित होगी। अधिकारियों ने अपील की है कि सभी इच्छुक खिलाड़ी समय पर पंजीयन कराकर इस महोत्सव का हिस्सा बनें।
दुर्गूकोदल सहित पूरे जिले में यह आयोजन खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने और खेल संस्कृति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

0 Comments